स्काउट्स-गाइड्स बच्चों में अनुशासन और देशभक्ति की भावना विकसित करने का माध्यम: राज्यपाल
75वें स्थापना दिवस पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के प्रतिनिधिमंडल ने लोक भवन में की भेंट
देहरादून। राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने कहा कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स बच्चों में अनुशासन, सेवा, नेतृत्व क्षमता और देशभक्ति की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। अधिक से अधिक बच्चों को संगठन से जोड़ने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाने चाहिए।
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के 75वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने लोक भवन में राज्यपाल से भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को संगठन का राजकीय स्कार्फ पहनाया और फ्लैग स्टीकर लगाया। प्रतिनिधियों ने संगठन की ओर से संचालित विभिन्न गतिविधियों और योजनाओं की जानकारी भी दी। संगठन की ओर से सात नवंबर को 75वां स्थापना दिवस मनाया जा रहा है।
राज्यपाल ने स्थापना दिवस पर संगठन के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और स्वयंसेवकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्काउट्स एवं गाइड्स का उद्देश्य बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बनाने के साथ उनमें समाजसेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव विकसित करना है।
राज्यपाल ने विद्यालयों में बच्चों को आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार और बचाव कार्यों का विशेष प्रशिक्षण देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे आपदा संवेदनशील राज्य में इस तरह का प्रशिक्षण बेहद उपयोगी साबित हो सकता है। इससे बच्चे आपात परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के साथ दूसरों की मदद करने में भी सक्षम होंगे।
उन्होंने आपदाओं और अन्य चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में स्काउट्स एवं गाइड्स के स्वयंसेवकों की ओर से किए जाने वाले सेवा और सहयोग कार्यों की सराहना की।
