उत्तराखण्ड के विकास को मिली नई गति, राज्य की उपलब्धियां देशभर में बनीं पहचान: धामी

उत्तराखण्ड के विकास को मिली नई गति, राज्य की उपलब्धियां देशभर में बनीं पहचान: धामी

राज्योत्सव में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का मुख्यमंत्री ने किया स्वागत, कहा- डबल इंजन सरकार प्रदेश को समृद्ध बनाने के लिए प्रतिबद्ध

देहरादून।उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में परेड ग्राउंड में आयोजित राज्योत्सव समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस से पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री का देवभूमि आगमन प्रदेश के लिए गौरव और प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और अमित शाह के मार्गदर्शन में देश आंतरिक सुरक्षा, राष्ट्रीय एकता और विकास के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने आजादी के बाद देश की एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी थी। इसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए केंद्र सरकार ने अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने, नागरिकता संशोधन अधिनियम और तीन नए आपराधिक कानूनों जैसे ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। आतंकवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई से देश में शांति और विकास का वातावरण मजबूत हुआ है। सहकार से समृद्धि अभियान किसानों, पशुपालकों और छोटे उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किए जाने को प्रदेश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। इसके लिए उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस के अधिकारियों और जवानों को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान का सम्मान करते हुए पृथक उत्तराखण्ड राज्य का सपना साकार किया था। आज राज्य सरकार उसी भावना के अनुरूप प्रदेश को विकसित और समृद्ध बनाने के लिए काम कर रही है। केंद्र और राज्य के समन्वित प्रयासों से सड़क, रेल, हवाई कनेक्टिविटी, आधारभूत संरचना, पर्यटन, उद्योग और स्वरोजगार के क्षेत्रों में तेजी से कार्य हो रहे हैं।

धामी ने कहा कि विकास के मुद्दों पर सार्थक चर्चा के बजाय कुछ ताकतें भ्रम और टकराव का माहौल बनाने का प्रयास कर रही हैं। लोकतंत्र में सवाल पूछना और असहमति जताना अधिकार है, लेकिन युवाओं को भड़काना, अफवाह फैलाना और हिंसा को प्रोत्साहित करना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने श्रीनगर और रुद्रपुर में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के कार्यक्रमों में जनता की व्यापक भागीदारी का भी उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड का बजट लगभग एक लाख 11 हजार 703 करोड़ रुपये पहुंच गया है, जबकि समान भौगोलिक परिस्थितियों वाले हिमाचल प्रदेश का बजट लगभग 54 हजार 928 करोड़ रुपये है। नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य सूचकांक में उत्तराखण्ड को प्रथम स्थान मिला है। खनन क्षेत्र में सुधारों के लिए 200 करोड़ रुपये का पुरस्कार तथा मत्स्य विकास में हिमालयी एवं पूर्वोत्तर राज्यों की श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ राज्य का सम्मान मिला है।

उन्होंने बताया कि पर्यटन में बेस्ट एडवेंचर और बेस्ट वाइल्डलाइफ डेस्टिनेशन तथा फिल्म निर्माण के क्षेत्र में मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट का राष्ट्रीय सम्मान प्रदेश को प्राप्त हुआ है। राज्य की जीएसडीपी लगभग 3.82 लाख करोड़ रुपये, प्रति व्यक्ति आय करीब 2.74 लाख रुपये और अनुमानित आर्थिक विकास दर 7.23 प्रतिशत है। प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत से 25 प्रतिशत से अधिक है।

समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, विजय बहुगुणा, तीरथ सिंह रावत, डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, सांसद महेंद्र भट्ट, अनिल बलूनी, अजय भट्ट, बांसुरी स्वराज, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज सहित प्रदेश के मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में प्रदेशवासी उपस्थित रहे।

By admin