उत्तराखण्ड को 1475 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, अमित शाह और धामी ने किया लोकार्पण-शिलान्यास
62 योजनाओं के जरिए सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और पर्यटन को मिलेगी मजबूती, कुंभ-2027 की तैयारियों को भी मिलेगी गति
देहरादून। उत्तराखण्ड राज्योत्सव के अवसर पर प्रदेश को 1475.31 करोड़ रुपये की 62 विकास योजनाओं की सौगात मिली। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में इन योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 1073.11 करोड़ रुपये की 44 योजनाओं का शिलान्यास तथा 402.20 करोड़ रुपये की 18 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इन परियोजनाओं से प्रदेश में सड़क, बिजली, पेयजल, शहरी विकास, शिक्षा, पर्यटन और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा।
बिजली और पेयजल योजनाओं पर विशेष जोर
ऊर्जा विभाग के अंतर्गत यूपीसीएल की 472.33 करोड़ रुपये की 20 योजनाओं का शिलान्यास तथा 77.93 करोड़ रुपये की तीन योजनाओं का लोकार्पण किया गया। इनसे प्रदेश की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था और संबंधित आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी।
पेयजल निगम की 191.17 करोड़ रुपये की आठ योजनाओं का शिलान्यास और 82.03 करोड़ रुपये की पांच योजनाओं का लोकार्पण किया गया। वहीं, जल संस्थान की 62.30 करोड़ रुपये की दो योजनाओं की आधारशिला रखी गई। इन परियोजनाओं से पेयजल आपूर्ति व्यवस्था में सुधार होगा।
कुंभ-2027 की तैयारियों को मिलेगी गति
लोक निर्माण विभाग की 18.78 करोड़ रुपये की एक योजना का शिलान्यास और 99.68 करोड़ रुपये की तीन योजनाओं का लोकार्पण किया गया। शहरी विकास विभाग की 92.25 करोड़ रुपये की चार योजनाओं का शिलान्यास तथा 10.95 करोड़ रुपये की एक योजना का लोकार्पण हुआ। इनमें हरिद्वार में आगामी कुंभ मेला-2027 के दृष्टिगत सड़क, पुल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़े कार्य शामिल हैं।
शिक्षा, पर्यटन और सुरक्षा को भी मिली सौगात
तकनीकी शिक्षा विभाग की 35.06 करोड़ रुपये की योजना का शिलान्यास और 61.98 करोड़ रुपये की तीन योजनाओं का लोकार्पण किया गया। इनमें नई टिहरी के राजकीय पॉलिटेक्निक में भवन निर्माण शामिल है। उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत अगस्त्यमुनि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 19.01 करोड़ रुपये की लागत से पीजी ब्लॉक का निर्माण किया जाएगा।
पर्यटन विभाग की 43.70 करोड़ रुपये की दो योजनाओं का शिलान्यास हुआ। इनमें टिहरी की डोबरा-चांठी पार्क परियोजना और श्री हेमकुंट साहिब रोपवे परियोजना के लिए विद्युत आपूर्ति संबंधी कार्य शामिल हैं।
गृह विभाग की 68.27 करोड़ रुपये की दो योजनाओं में देहरादून में 31.63 करोड़ रुपये की लागत से साइबर उत्कृष्टता केंद्र तथा हल्द्वानी में 36.64 करोड़ रुपये से फायर स्टेशन के आवासीय भवनों का निर्माण किया जाएगा।
इसके अलावा सितारगंज में 48.21 करोड़ रुपये की लागत से मिल्क पाउडर प्लांट, आइसक्रीम प्लांट और बेकरी यूनिट स्थापित करने की योजना का शिलान्यास किया गया। आवास विभाग की 10.59 करोड़ रुपये की योजना का शिलान्यास और 12.48 करोड़ रुपये की योजना का लोकार्पण हुआ। गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग की 11.44 करोड़ रुपये की योजना का शिलान्यास तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग की 57.15 करोड़ रुपये की दो योजनाओं का लोकार्पण किया गया।
इन परियोजनाओं से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार, आर्थिक गतिविधियों और विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
