उत्तराखण्ड गौरव सम्मान से 15 विभूतियां सम्मानित, अमित शाह और धामी ने किया सम्मानित

उत्तराखण्ड गौरव सम्मान से 15 विभूतियां सम्मानित, अमित शाह और धामी ने किया सम्मानित

राज्य के विकास, सामाजिक सेवा, शिक्षा, चिकित्सा, कला, संस्कृति, पर्यावरण और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को मिला सम्मान

देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में परेड ग्राउंड में आयोजित राज्योत्सव समारोह में प्रदेश की 15 विशिष्ट विभूतियों को उत्तराखण्ड गौरव सम्मान पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली इन विभूतियों को सम्मान प्रदान किया।

राज्य के विकास, सामाजिक सेवा, शिक्षा, चिकित्सा, कला, संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण, खेल और उद्यमिता के क्षेत्र में विशिष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले महानुभावों को यह सम्मान दिया गया।

राजनीतिक एवं शासकीय क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मेजर जनरल भुवन चन्द्र खण्डूड़ी (सेनि) को मरणोपरांत उत्तराखण्ड गौरव सम्मान प्रदान किया गया। चिकित्सा क्षेत्र में डॉ. जीवन सिंह तितियाल, उद्यमिता के क्षेत्र में मनमोहन भारद्वाज तथा फिल्म जगत में उल्लेखनीय योगदान के लिए अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी को सम्मानित किया गया।

लोक जागर गायन के क्षेत्र में हेमा नेगी करासी तथा शिक्षा एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में डॉ. गिरीश रंजन तिवारी को उत्तराखण्ड गौरव सम्मान से नवाजा गया। सामाजिक क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए अनीता थपलियाल शर्मा और कश्मीर सिंह को सम्मान प्रदान किया गया।

इसी प्रकार पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पर्यावरणविद् सुरेश भाई तथा लोक गायन के क्षेत्र में रेशमा शाह को सम्मानित किया गया।

खेल के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखण्ड का गौरव बढ़ाने वाली पांच प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया। इनमें क्रिकेटर एकता बिष्ट, महिला हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया, एथलीट अंकिता ध्यानी, मुक्केबाज निकिता चंद और पर्वतारोही कपिल पोखरिया शामिल हैं।

उत्तराखण्ड गौरव सम्मान प्रदेश की उन विभूतियों के योगदान को सार्वजनिक पहचान देने की महत्वपूर्ण पहल है, जिन्होंने अपने कार्यों और उपलब्धियों से राज्य का नाम रोशन किया है। यह सम्मान न केवल प्रतिभाओं के प्रति राज्य का आभार है, बल्कि युवा पीढ़ी को भी समाज सेवा, नवाचार और प्रदेश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा देता है।

राज्योत्सव समारोह में प्रदान किए गए इन सम्मानों के माध्यम से उत्तराखण्ड की विविध क्षेत्रों में समृद्ध होती प्रतिभा, सांस्कृतिक विरासत और विकास यात्रा को भी रेखांकित किया गया।

उत्तराखण्ड गौरव सम्मान से 15 विभूतियां सम्मानित, अमित शाह और धामी ने किया सम्मानित

By admin