लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी और अभिनेता हेमंत पांडेय को लाइफ टाइम अचीवमेंट सम्मान

लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी और अभिनेता हेमंत पांडेय को लाइफ टाइम अचीवमेंट सम्मान

अमित शाह और मुख्यमंत्री धामी ने किया सम्मानित, दोनों कलाकारों को मिले दो-दो लाख रुपये

देहरादून। उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति और सिनेमा जगत में उल्लेखनीय योगदान देने वाली दो विशिष्ट विभूतियों को राज्योत्सव समारोह में सम्मानित किया गया। परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी तथा सुप्रसिद्ध अभिनेता हेमंत पांडेय को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार प्रदान किया।

उत्तराखण्ड फिल्म नीति-2024 के अंतर्गत वर्ष 2024 और 2025 के लिए चयनित दोनों कलाकारों को दो-दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

वर्ष 2024 के लिए यह सम्मान लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी को प्रदान किया गया। उन्होंने अपने गीतों के माध्यम से उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति, परंपराओं, सामाजिक सरोकारों और जनभावनाओं को स्वर दिया है। उनके गीतों ने प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

वहीं, वर्ष 2025 के लिए अभिनेता हेमंत पांडेय को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से नवाजा गया। उन्होंने अपने अभिनय कौशल से उत्तराखण्ड का नाम भारतीय फिल्म एवं मनोरंजन जगत में रोशन किया है और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है।

राज्य सरकार की ओर से उत्तराखण्ड फिल्म नीति के माध्यम से क्षेत्रीय सिनेमा, लोक संस्कृति और कला जगत को प्रोत्साहित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। दोनों कलाकारों का सम्मान प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और कला के क्षेत्र में उनके दीर्घकालीन योगदान की महत्वपूर्ण पहचान है।

By admin