त्योहारों पर हुड़दंगियों और संदिग्धों पर पुलिस की नजर, बाजारों में बढ़ाई गश्त

त्योहारों पर हुड़दंगियों और संदिग्धों पर पुलिस की नजर, बाजारों में बढ़ाई गश्त

पौड़ी। दीपावली के त्योहार पर बाजारों में बढ़ती भीड़ और लोगों की आवाजाही को देखते हुए पौड़ी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ यातायात सुचारु रखने के लिए जनपदभर में पुलिस की ओर से पैदल गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमें सक्रिय हैं। प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिसकर्मी लगातार गश्त कर रहे हैं। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के साथ अराजक तत्वों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।

सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस टीमों की ओर से बैंकों और ज्वेलरी प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया जा रहा है। प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, सुरक्षा उपकरणों और अन्य व्यवस्थाओं को परखा जा रहा है। संचालकों को सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों और आमजन से भी सतर्क रहने की अपील की है। लोगों से अपने आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाने अथवा पुलिस को देने को कहा गया है।

पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी तरह की अव्यवस्था और अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त और चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।

By admin