कर्णप्रयाग। दीपावली के त्योहार पर बाजारों में बढ़ती भीड़ और खरीदारी के उत्साह के बीच सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए चमोली पुलिस सतर्क है। इसी क्रम में शुक्रवार, 6 नवंबर को पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा ने कोतवाली कर्णप्रयाग क्षेत्र के व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ बैठक कर त्योहार के दौरान सुरक्षा, अग्निशमन और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गोष्ठी में पुलिस उपाधीक्षक ने व्यापारियों से बाजारों में अतिक्रमण न करने और दुकानों के बाहर सामान रखकर आवागमन बाधित न करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि पटाखों की दुकानें प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही लगाई जाएं। साथ ही पटाखा विक्रेताओं को अपनी दुकानों पर अग्निशमन उपकरण अनिवार्य रूप से रखने और आग से बचाव के सभी जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि किसी भी संभावित अग्निकांड से निपटने के लिए पुलिस की ओर से मुख्य बाजारों में फायर टेंडर तैनात किए गए हैं, ताकि आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
पुलिस उपाधीक्षक ने व्यापारियों से पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने तथा बाजारों में यातायात और पैदल आवागमन सुचारु बनाए रखने में जिम्मेदारी निभाने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि त्योहार के दौरान नशे में वाहन चलाने, नाबालिगों द्वारा वाहन संचालित करने और तेज गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
चमोली पुलिस ने आमजन से अपील की कि दीपावली की खुशियों में सुरक्षा के प्रति लापरवाही न बरतें। यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाएं।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कर्णप्रयाग विनोद थपलियाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
