तीन विद्यालयों में विद्यार्थियों को दिया राष्ट्र प्रथम का संदेश
क्रांतिकारियों के बलिदान और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान
विकासनगर। राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को विकासनगर क्षेत्र के तीन विद्यालयों में राष्ट्रभक्ति एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान राजकीय हाई स्कूल कुल्हाल, राजकीय हाई स्कूल कुंजा ग्रांट तथा टेंडर फ्लॉवर्स अकैडमी ढकरानी में छात्र-छात्राओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में अभियान के निदेशक डॉ. रवीन्द्र कुमार सैनी, डॉ. नरेंद्र सिंह तोमर एवं रघुनाथ सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। वक्ताओं ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले क्रांतिकारियों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान का स्मरण कराते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र का भविष्य युवा पीढ़ी के चरित्र, संस्कार, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा पर निर्भर करता है। विद्यार्थियों को देश की एकता, अखंडता और गौरव की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। अभियान का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति, नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है।
