हाथीबड़कला बाजार में व्यापारियों के बीच पहुंचे मंत्री गणेश जोशी, मिठाई बांटकर दी दीपावली की शुभकामनाएं

देहरादून, 06 नवंबर। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को न्यू कैंट रोड स्थित हाथीबड़कला बाजार पहुंचकर व्यापारियों और स्थानीय लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सभी को मिष्ठान वितरित कर दीपावली पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

बाजार में व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से आत्मीय संवाद करते हुए मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि दीपावली भारतीय संस्कृति, परंपरा और आध्यात्मिक आस्था का प्रमुख पर्व है। यह त्योहार हमें अंधकार से प्रकाश की ओर, निराशा से आशा की ओर तथा बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में त्योहार केवल उत्सव मनाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये सामाजिक एकता, आपसी प्रेम और भाईचारे को मजबूत करने का अवसर भी प्रदान करते हैं। ऐसे पर्व समाज में सद्भाव और परस्पर सहयोग की भावना को बढ़ावा देते हैं।

कैबिनेट मंत्री ने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि दीपावली का पावन पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मकता लेकर आए। उन्होंने व्यापारियों से मिल-जुलकर हर्षोल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने का आह्वान भी किया।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, पार्षद भूपेंद्र कठेत सहित स्थानीय व्यापारी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

By admin