दून में सत्यापन अभियान: 66 भवन स्वामियों पर 6.60 लाख का जुर्माना

900 से अधिक किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन, 30 संदिग्धों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया

देहरादून। अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से दून पुलिस का सत्यापन अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गुरुवार को पटेलनगर और रायपुर थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर अभियान चलाया गया। इस दौरान 900 से अधिक किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। वहीं, किरायेदारों और घरेलू सहायकों का सत्यापन नहीं कराने तथा अन्य अनियमितताएं पाए जाने पर 66 भवन स्वामियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए छह लाख 60 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

पुलिस के अनुसार, एसएसपी देहरादून ने सभी अधीनस्थ अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों, संदिग्धों और बाहरी लोगों का सत्यापन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नियमों का पालन नहीं करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। इन्हीं निर्देशों के अनुपालन में अलग-अलग पुलिस टीमों ने पटेलनगर और रायपुर क्षेत्र में सत्यापन अभियान चलाया।

आपराधिक पृष्ठभूमि वाले 23 व्यक्तियों का भी सत्यापन

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने 900 से अधिक किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों के दस्तावेजों की जांच की। इसके साथ ही पूर्व में आपराधिक घटनाओं में प्रकाश में आए और जमानत पर बाहर चल रहे 23 अभियुक्तों का भौतिक सत्यापन भी किया गया। पुलिस ने संबंधित व्यक्तियों को चेतावनी दी कि यदि वे दोबारा किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए गए तो उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

30 संदिग्धों से पूछताछ

सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे 30 व्यक्तियों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। यहां उनसे आवश्यक पूछताछ की गई और सत्यापन संबंधी कार्रवाई की गई।

पुलिस ने भवन स्वामियों से अपील की है कि वे अपने यहां रहने वाले किरायेदारों और घरेलू सहायकों का समय पर सत्यापन कराएं। सत्यापन नहीं कराने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस के अनुसार, ऐसे अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना और अपराधों की रोकथाम करना है।

By admin