Share this Post

• धर्मेन्द्र भाव सिंह लोधी

प्रधानमंत्री श्री मोदी वर्तमान समय में एक शक्तिशाली वैश्विक नेता हैं। उनके नेतृत्व में भारत का सम्मान दुनिया में बढ़ा है। अब भारत को दरकिनार करके विश्व में कोई भी नीति नहीं बनाई जा सकती, क्योंकि आज भारत का नेतृत्व ऐसे हाथ में है, जो राष्ट्रहित को केंद्र में रखकर लगातार कार्य कर रहा है।

पहलगाम आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री श्री मोदी ने जिस कठोरता पूर्वक पाकिस्तान को प्रत्‍युत्‍तर देने के लिए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया, उससे भारत की छवि वैश्विक स्तर पर एक शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में उभर कर सामने आई है। ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री मोदी ने दुनिया को दिखा दिया है कि भारत आतंकवाद को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं करेगा और जो भी भारत की तरफ आँख उठा कर देखेगा भारत उसे छोड़ेगा नहीं। आज पूरी दुनिया प्रधानमंत्री श्री मोदी को साहस के साथ प्रत्‍युत्तर देने वाले राजनेता के रूप में जानती है।

प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा वर्ष 2015 में ‘‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ‘‘ योजना आरंभ की। इस योजना से शिशु-लिंग अनुपात को सन्तुलित करने में अभूतपूर्व सफलता प्राप्त हुई है। यह अभियान न केवल भारत, बल्कि समूचे विश्व में चर्चित और प्रचारित हुआ। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन-आयोग्य योजना के द्वारा आज संपूर्ण भारत में स्वास्थ्य सेवाओं के नये मापदण्ड स्थापित किये जा रहे हैं। देशवासियों को 5 लाख रूपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं की दृष्टि से प्रधानमंत्री श्री मोदी का यह कदम निश्चित ही मील का पत्थर है। 

प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा आरंभ की गई प्रधानमंत्री जन-धन योजना का विजन आगामी कई पहलों के लिए बुनियाद का काम करेगा। श्री मोदी के लिए इसका आशय है अधिकतम लक्ष्य की प्राप्ति, खर्च होने वाले प्रत्येक रुपये का अधिकतम प्रतिफल, देश के गरीबों का अधिकतम आर्थिक सशक्तिकरण और जनता के बीच तकनीक का अधिकतम प्रसार। आजादी के 67 साल बाद भी भारत में बड़ी संख्या में ऐसी आबादी थी जिन्हें बैंकिंग सेवाएं हासिल नहीं थीं। इसका अर्थ था कि उनके पास न तो बचत का कोई जरिया था, न ही संस्थागत कर्ज पाने का कोई अवसर। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने इस बुनियादी मसले का समाधान करने के लिए प्रधानमंत्री जन-धन योजना की शुरुआत की। 

वर्ष 2014 के बाद से श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की राजनैतिक दशा में आमूल चूल परिवर्तन हुआ है। प्रधानमंत्री श्री मोदी सबका साथ, सबका विकास एवं सबका विश्वास को साथ लेकर विकास और प्रगति के पथ पर निरंतर आगे बढ़े हैं। विगत 10 वर्षों में सामाजिक सरोकार के जो कार्य हमारे देश में किये गये हैं, उनकी प्रतीक्षा देश की जनता आजादी के बाद से कर रही थी। जल जीवन मिशन के माध्यम से संपूर्ण भारत के हर घर में पेयजल उपलब्ध कराने का संकल्प प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा लिया गया है और काफी हद तक यह कार्य पूर्ण भी हो चुका है। मुझे लगता है जल जीवन मिशन आजाद भारत की सबसे महत्वाकांक्षी और सामाजिक सरोकार की सर्वश्रेष्ठ योजना है, जिसको मूर्त रूप देने का विचार श्री मोदी के चिंतन में ही पल्लवित हुआ है। 

आजादी के बाद देश के तत्कालीन जिम्मेदार नेताओं की गलतियों के कारण जम्मू कश्‍मीर में धारा 370 को लागू किया गया था, जिसके कारण कश्‍मीर भारत वर्ष की मुख्य धारा से अलग सा हो गया था और हजारों कश्‍मीरी पंडितों को या तो जान देकर या फिर विस्थापित होकर इसका खामियाजा भुगतना पड़ा था। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कश्मीर से धारा 370 हटाकर एक अभूतपूर्व कार्य किया है, जिसके कारण कश्‍मीर में अब विकास और समृद्धि का नया सूर्योदय हुआ है। तीन तलाक का मामला हो, नागरिकता अधिनियम में संशोधन हो, गरीब कल्याण की बात हो या महिला सशक्तिकरण का प्रयोजन हो, प्रधानमंत्री श्री मोदी ने समाज के हर वर्ग के लिये सामाजिक सरोकार के अनेक अभूतपूर्व कार्यों को मूर्त रूप दिया है। 

श्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास प्रगति और शक्ति के नए आयामों को स्पर्श किया है। वर्ष 2014 के बाद से भारत की अर्थव्यवस्था में क्रांतिकारी परिवर्तन हुए हैं। भारत अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। विगत 11 वर्षों में देश की अधोसंरचना का अभूतपूर्व विकास हुआ है। देश में नक्सलवाद को लगभग समाप्त किया जा चुका है। सामाजिक सरोकार हो या आर्थिक क्षेत्र या फिर तकनीकी क्षेत्र, हर क्षेत्र में देश सतत् रूप से ऊंचाइयों को छू रहा है। यह सब भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के भागीरथ प्रयासों से ही संभव हो सका है।

हाल ही में विश्व के सबसे शक्तिशाली राष्ट्र अमेरिका द्वारा दबाव बनाने और डराने के लिए भारी मात्रा में टैरिफ अधिरोपित कर दिए गए हैं। अमेरिका सोच रहा है कि भारत उसके आगे झुकेगा, लेकिन श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत पूरी क्षमता के साथ अडिग खड़ा है। श्री मोदी ने अपनी नीतियों से दुनिया को बता दिया है कि अब कोई भी भारत की तरफ आँख उठाकर  नहीं  देख  सकता। 

अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण कर श्री नरेन्द्र मोदी ने न केवल भारतीय जनता पार्टी के पुरोधा विचार को साकार किया है, अपितु देश के समस्त सनातन समुदाय की आकांक्षाओं को भी पूर्ण किया है। भारत के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विकास के लिये प्रधानमंत्री श्री मोदी लगातार काम कर रहे हैं। उन्होने भारत वर्ष की संस्कृति, गौरवशाली परम्पराओं और आध्यात्मिक विचारों को देश की सीमाओं से बाहर संपूर्ण विश्‍व में प्रसारित कर स्वामी विवेकानंद के उन विचारों को साकार किया है जो स्वामी विवेकानंद ने 1893 में शिकागो में व्यक्त किये थे।

नीतिशास्त्र कहता है – राजा को चाहिये कि वह हमेशा उद्योगशील होकर, व्यवहार संबंधी तथा राज्य संबंधी कार्यों को उचित रीति से पूरा करे। इसी नीति का अनुसरण कर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी नित्य उद्योगशील रहकर राष्ट्र और मानव कल्याण के कार्यों में क्रियाशील रहते हैं। उन्होने आजादी के अमृतकाल में आत्मनिर्भर भारत के स्वप्न को साकार करने का संकल्प लिया है। उनके नेतृत्व में भारत वर्ष में संरचनात्मक एवं प्रक्रियात्मक परिवर्तन की एक नई यात्रा आगे बढ़ी है। यह भारत के जन-जन को सशक्त बनाने और अपनी परम्परागत खोई हुई पहचान को पुर्नस्थापित करने की यात्रा है। इस यात्रा के पैरोकार प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी हैं जिनके नेतृत्व में हमारा देश समग्र प्रगति और समृद्धि की ओर बढ़ रहा है।

एक राजा को राष्ट्र की उन्नति और सुरक्षा के लिये कौन-कौन से कार्य करने चाहिये इसका बहुत हीं सुंदर उल्लेख अथर्ववेद में मिलता है। जिस समृद्धि प्रदान करने वाली मणि के द्वारा इंन्द्र की प्रगति हुई है, उसी मणि के द्वारा आप हमें राष्ट्र कल्याण करने के उद्देश्य में विस्तृत करे। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के रूप में भारत के पास भी एक ऐसी मणि है जो सदैव राष्ट्र कल्याण के लिए चिंतनशील और प्रगतिशील है।

 प्रधानमंत्री श्री मोदी भारत वर्ष को समग्र रूप से आत्मनिर्भर बनाने का स्वप्न देखते हैं और लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप जनतंत्र की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना चाहते हैं। श्री नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत में अनेक कल्पनातीत विचारों ने साकार रूप लिया है। उनके विचारों, नीतियों और आदर्शों का अनुकरण केवल भारतवर्ष ही नहीं कर रहा है, बल्कि संपूर्ण विश्‍व उनके दर्शन और चिंतन से प्रभावी है। प्रधानमंत्री श्री मोदी आधुनिक भारत के युगदृष्टा हैं जो भारतवर्ष को विश्‍व की सर्वाधिक शक्ति संपन्न सर्वश्रेष्ठ राष्ट्र बनाने के पुनीत पथ पर प्रगतिशील हैं। 

By admin