राज्यपाल ने किया ब्रेल बाल पुस्तकों का विमोचन
पूर्व आईएएस और साहित्यकार डॉ. अनिता भटनागर जैन की कृतियां ‘कुंभ’ और ‘गज्जू चलने लगा’ हुईं प्रकाशित
लखनऊ, 8 सितंबर।उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने सोमवार को राजभवन में पूर्व आईएएस अधिकारी एवं प्रसिद्ध बाल साहित्यकार डॉ. अनिता भटनागर जैन की दो ब्रेल बाल कहानी पुस्तकों ‘कुंभ’ और ‘गज्जू चलने लगा’ का विमोचन किया।
इस अवसर पर डॉ. जैन ने राज्यपाल को अवगत कराया कि उनकी रचनाएं अब तक 18 भाषाओं में प्रकाशित हो चुकी हैं। उनकी पुस्तक ‘कुंभ’ राष्ट्रीय स्तर पर बेस्टसेलर रही है और इसका फ्रेंच संस्करण पेरिस अंतर्राष्ट्रीय पुस्तक मेले में भी प्रदर्शित किया गया था।
डॉ. जैन ने जानकारी दी कि ‘गज्जू चलने लगा’ पशु-पक्षियों के अधिकारों पर आधारित उनकी विशेष श्रृंखला का हिस्सा है। उन्होंने यह भी बताया कि अब तक उनकी सात पुस्तकें ब्रेल लिपि में उपलब्ध हैं। डॉ. जैन दृष्टिबाधित बच्चों के लिए कहानी नरेशन भी करती हैं ताकि साहित्य तक उनकी सहज पहुंच हो सके।
राज्यपाल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ब्रेल पुस्तकों का यह योगदान दृष्टिबाधित बच्चों की शिक्षा और संवेदनाओं को गहराई से समृद्ध करेगा।
