उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने नेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क 2025 में उत्तर प्रदेश के राज्य विश्वविद्यालयों के उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने की उपलब्धि पर समस्त कुलपतियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की धरती आज शिक्षा और ज्ञान के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को छू रही है। उन्होंने इसे प्रदेश में उच्च शिक्षा की शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुसंधान कार्यों और नवाचार की जीवंत गवाही बताया।
कुलाधिपति जी ने कहा कि यह रैंकिंग उच्च शिक्षा संस्थानों की बढ़ती हुई ऊर्जा, प्रतिबद्धता और प्रतिस्पर्धात्मकता का प्रतीक है। यह इस बात का भी संकेत है कि उत्तर प्रदेश आज न केवल परंपरागत ज्ञान की धरोहर को सहेजे हुए है, बल्कि आधुनिक शोध और नवाचार के क्षेत्र में भी नई राहें बना रहा है।
राज्यपाल ने विश्वास प्रकट किया कि आने वाले वर्षों में उत्तर प्रदेश के विश्वविद्यालय राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी ज्ञान और अनुसंधान के केंद्र के रूप में प्रतिष्ठा अर्जित करेंगे। यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी कि शिक्षा केवल डिग्री तक सीमित न रहकर समाज और राष्ट्र के भविष्य को दिशा देने का सबसे सशक्त साधन बने।
