जंगल का नन्हा मेहमान – घायल घुरड़ के बच्चे की पुलिस ने बचाई जिंदगी

जंगल का नन्हा मेहमान – घायल घुरड़ के बच्चे की पुलिस ने बचाई जिंदगी

पीपलकोटी (चमोली)। पुलिस केवल कानून-व्यवस्था की रखवाली ही नहीं करती, बल्कि संवेदनशीलता और इंसानियत की मिसाल भी पेश करती है। इसका ताजा उदाहरण शुक्रवार को पीपलकोटी क्षेत्र में उस समय सामने आया, जब सड़क किनारे घायल अवस्था में मिला एक नन्हा घुरड़ का बच्चा पुलिस की तत्परता से जिंदगी की जंग जीत गया।

जानकारी के अनुसार, बिरही चाड़ा और कोड़िया के बीच सड़क किनारे पहाड़ी से गिरकर एक घुरड़ का मासूम बच्चा घायल अवस्था में तड़प रहा था। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी पीपलकोटी लक्ष्मी प्रसाद बिजल्वाण टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

घटनास्थल पर पहुंचे चौकी प्रभारी ने घायल बच्चे को अपनी गोद में उठाया और प्राथमिक उपचार कर उसकी हालत संभाली। इसके बाद वन विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया। विभागीय टीम ने घुरड़ के बच्चे को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया।

स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस की इस मानवीय पहल की खुलकर सराहना की। लोगों का कहना था कि – “पुलिस केवल इंसानों की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि बेजुबान जिंदगियों के लिए भी सच्ची रक्षक साबित हो रही है।”

इस घटना ने यह संदेश दिया कि पुलिस की भूमिका समाज में केवल अपराध रोकने तक ही सीमित नहीं, बल्कि संवेदनशीलता और करुणा भी उनकी पहचान है।

By admin