Share this Post

 

हेमकुंट साहिब रोपवे से श्रद्धालुओं को मिलेगा सुरक्षित व सहज मार्ग : मुख्यमंत्री धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शासकीय आवास पर श्री एस. नरिंदर जीत सिंह बिंद्रा, अध्यक्ष हेमकुंट साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के नेतृत्व में विभिन्न सिख संगठनों का प्रतिनिधिमंडल मिला। प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री धामी का हेमकुंट साहिब रोपवे महापरियोजना के लिए आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और श्रद्धालुओं की यात्रा को सरल बनाने के प्रयास लगातार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हेमकुंट साहिब रोपवे केवल एक संरचनात्मक परियोजना नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत और आस्था का प्रतीक है।

₹2,730.13 करोड़ की लागत से बनेगी रोपवे परियोजना
गोविंदघाट से हेमकुंट साहिब तक 12.4 किलोमीटर लंबी इस परियोजना की अनुमानित लागत ₹2,730.13 करोड़ है। श्री बिंद्रा ने कहा कि हेमकुंट साहिब सिख धर्म का एक पवित्र तीर्थस्थल है, जहां तक पहुंचना बेहद कठिन और जोखिम भरा होता है। इस रोपवे से न केवल श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि स्थानीय लोगों को भी आर्थिक व सामाजिक लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि परियोजना का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। निर्माण के दौरान पर्यावरणीय मानकों और स्थानीय जनभावनाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

देश की सबसे बड़ी रोपवे परियोजना का समझौता
उन्होंने बताया कि भारत सरकार और राज्य सरकार के बीच लगभग ₹7,000 करोड़ की लागत से देश की सबसे बड़ी रोपवे परियोजना स्थापित करने हेतु समझौता संपन्न हुआ है। इसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग लॉजिस्टिक्स एवं निर्माण लिमिटेड (NHLML) और उत्तराखंड सरकार के बीच एक संयुक्त विशेष प्रयोजन वाहन (SPV) का गठन होगा। इसमें केंद्र की हिस्सेदारी 51 प्रतिशत और राज्य की 49 प्रतिशत होगी।

इस SPV के तहत राज्य में रोपवे परियोजनाओं का निर्माण, संचालन और प्रबंधन किया जाएगा।

वरिष्ठ सिख प्रतिनिधि व पत्रकार भी रहे मौजूद
इस अवसर पर एस. गुरबख्श सिंह राजन (अध्यक्ष सिंह सभा देहरादून), एस. गुलजार सिंह (सचिव सिंह सभा देहरादून), एस. गुरदीप सिंह (अध्यक्ष सिंह सभा डोईवाला), एस. ओंकार सिंह (अध्यक्ष सिंह सभा नूनावाला), एस. मोहिंदर सिंह बबली (अध्यक्ष सिंह सभा हरिद्वार), एस. हरमोहिंदर सिंह (अध्यक्ष सिंह सभा पटेल नगर), एस. साहब सिंह (अध्यक्ष सिंह सभा शेरगढ़), एस. ओंकार सिंह राजा (सिंह सभा डोईवाला), एस. बलबीर सिंह साहनी (अध्यक्ष गुरुद्वारा रेसकोर्स देहरादून) एवं वरिष्ठ पत्रकार श्री नीरज कोहली उपस्थित रहे।

By admin