श्री गुरु राम राय इंटर कॉलेज सहसपुर, देहरादून में प्रधानाचार्य डॉ. रविंद्र सैनी को भावभीनी विदाई
सहसपुर (देहरादून), 30 अगस्त 2025 श्री गुरु राम राय इंटर कॉलेज सहसपुर देहरादून के प्रधानाचार्य डॉ रविंद्र सैनी को 30 अगस्त 2025 दिन शनिवार को सेवानिवृत होने पर भावभीनी विदाई दी गई। विद्यालय में आयोजित विदाई कार्यक्रम में महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व लोकसभा एवं राज्यसभा सांसद भगत सिंह कोश्यारी जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। कोश्यारी जी ने प्रधानाचार्य डॉक्टर रविंद्र सैनी को स्वयं विदाई अभिनंदन पत्र भेंट कर भाववीनी विदाई दी । पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व सांसद कोश्यारी ने डॉ रविंद्र सैनी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने बड़ी ईमानदारी से अपने पद पर रहते हुए कार्य किया और शिक्षा के क्षेत्र में प्रशंसनीय और उल्लेखनीय योगदान दिया तथा एक उत्कृष्ट कवि, लेखक तथा प्रसिद्ध शिक्षाविद के रूप ने 7 से भी अधिक पुस्तक लिखकर साहित्य जगत को आलोकित किया। डॉ सैनी के द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए गए विशेष प्रयासों के लिए उनको वर्ष 2018 में उत्तराखंड राज्य के सर्वश्रेष्ठ शैक्षिक पुरस्कार “शैलेश मटियानी” से नवाजा गया। साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट गुरमीत सिंह के द्वारा राज भवन में उन्हें 7 बार सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डॉक्टर सैनी के भूतपूर्व छात्र डॉ आचार्य आशीष सेमवाल संस्थापक पुनर्नवा वैलनेस रिजॉर्ट एवं विश्व जन जागृति मिशन अस्तित्व एजुकेशन सोसाइटी भी अति विशिष्ट अतिथि के रुप में उपस्थित थे जिन्होंने अपने उद्बोधन में डॉक्टर सैनी के शिक्षण शैली की अत्यंत प्रशंसा की । विद्यालय के समस्त शिक्षकों, शिक्षिकाओं , और कर्मचारियों एवं छात्र छात्राओं ने प्रधानाचार्य को माला पहनाई और उपहार भेंट किया। इस अवसर पर समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे जिन्होंने डॉ रविंद्र सैनी को सेवानिवृत होने पर बधाई दी और शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर मुख्य अतिथि कोश्यारी जी के द्वारा डॉ रविंद्र सैनी की पुस्तक “ए सिंपल वे टू लर्न इंग्लिश” का विमोचन भी किया गया इसके साथ ही प्रधानाचार्य के द्वारा विगत कई वर्षों से चलाए जा रहे “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओं” अभियान के तहत विद्यालय की लगभग 20 निर्धन बालिकाओं को सहायता राशि और पाठ्य सामग्री वितरित की। विद्यालय में विगत वर्ष की परिषदीय परीक्षाओं में मेधावी छात्र-छात्राओं तथा बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम वाले शिक्षकों को भी मंच से सम्मानित किया गया। अंत में कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एवं श्री गुरु राम राय इंटर कॉलेज के सह प्रबंधक चंद्र मोहन पायल ने सभी को धन्यवाद दिया और डॉक्टर सैनी को आगामी जीवन की शुभकामनाएं दी । कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रवक्ता जयंत कुमार सिंह के द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रदीप डबराल, राम लखन गैरोला, जितेंद्र सैनी, अनमोल सैनी, अशोक सैनी, प्रतिभा पाठक, दमयंती प्रंदियाल, अर्जुन कोहली, रघुनाथ सैनी, नीरज वर्मा आदि उपस्थित रहे।
