भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट से मिले ग्राहक पंचायत के क्षेत्रीय संगठन मंत्री लाखन सिंह
देहरादून, 26 अगस्त।अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के तत्वाधान में मंगलवार को क्षेत्रीय संगठन मंत्री श्री लाखन सिंह ने उत्तराखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्री महेंद्र भट्ट से आत्मीय भेंटवार्ता की। इस अवसर पर उन्होंने ग्राहक पंचायत की पुस्तिका “ग्राहक एवं राजा” उन्हें भेंट की।
बैठक में ग्राहकों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। श्री लाखन सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष को अवगत कराया कि क्षेत्रीय स्तर पर ग्राहकों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए संगठन और अधिक मजबूती से कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा और जनजागरूकता के लिए पंचायत लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है।
इस दौरान हाल ही में संसद में ऑनलाइन गेमिंग पर प्रतिबंध संबंधी कानून पारित होने पर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की ओर से भारत सरकार का आभार व्यक्त किया गया। श्री लाखन सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद एवं बधाई प्रेषित की।
प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट ने ग्राहक पंचायत के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संगठन उपभोक्ता हितों की रक्षा में महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि पंचायत की पहलें सरकार की योजनाओं और नीतियों को जमीनी स्तर तक पहुँचाने में सहायक सिद्ध होंगी।
