लस्या पट्टी के नागेन्द्र देवता बजीरा में पांच दिवसीय यज्ञ एवं प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का शुभारंभ

प्रदीप कुमार

जखोली/श्रीनगर गढ़वाल। विकासखंड जखोली के लस्या पट्टी की ग्राम पंचायत बजीरा में नागेंद्र देवता मन्दिर सौन्दर्याकरण के पश्चात मन्दिर परिसर में पांच दिवसीय यज्ञ अनुष्ठान का वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ शुभारंभ हो गया है। इस मौके पर भगवान नगेला अपने रावल (पश्वा) बसंत सिंह राणा पर अवतरित हुए और ध्याणियों व भक्तों की कुशलक्षेम पूछते हुए उन्हें सुख-समृद्धि का आशीर्वाद दिया। बुधवार सुबह 7 बजे पंचांग पूजन और गणेश पूजन के उपरांत भगवान नागेंद्र की विशेष पूजा-अर्चना की गई। मुख्य पुजारी आचार्य पंडित विनोद प्रसाद थपलियाल व अन्य पुजारियों द्वारा देवता के मन्दिर सौन्दर्याकरण के बाद मन्दिर परिसर में यज्ञ व प्राण प्रतिष्ठा कर वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विशेष पूजा अर्चना की गयी। इस अवसर पर भगवान नगेला देवता अपने पश्वा पर अवतरित हुए। साथ ही पट्टी लस्या के अन्य देवी-देवता भी अपने-अपने पश्वाओं पर अवतरित हुए और भक्तों से मिलाप कर उन्हें सुख-समृद्धि का आशीर्वाद दिया। नागेंद्र देवता रावल ने ग्रामीणों की कुशलक्षेम पूछते हुए स्वयं भी भावुक हो गए। इसके उपरांत विधि-विधान व वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा व शुद्धिकरण यज्ञ का विधि-विधान के साथ शुभारंभ किया गया। इसके उपरांत भक्तों ने भंडारे में शामिल होकर आराध्य का प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर नागेन्द्र देवता पर्यटन विकास समिति पट्टी लस्या के अध्यक्ष विजेंद्र सिंह मेवाड़, शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख अर्जून गहरवार,बद्री केदार मंदिर समिति के सदस्य रणजीत सिंह राणा, धूम सिंह रावत,प्रबंधक भगतसिंह पुण्डीर,रावल बसंत सिंह राणा,हयात सिंह राणा, प्रधान धनकुराली धूम सिंह राणा, प्रधान बजीरा दिनेश सिंह चौहान,पूर्व प्रधान उरोली दरम्यान सिंह राणा,पूर्व प्रधान गोर्ती किशन सिंह नेगी,मालचन्द सिंह राणा, सतीश राणा,उप प्रधान दिनेश राणा,खुशहाल सिंह चौहान,मकान सिंह राणा,शरत सिंह राणा,महावीर सिंह राणा,भगतसिंह राणा,पिचपन सिंह नेगी,कीरत सिंह रावत, मोहन सिंह सहित सैकड़ों श्रद्धालु एवं भक्त उपस्थित थे।