किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ की बैठक, 18 सितंबर को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन

लक्सर। भारतीय किसान संघ, हरिद्वार जनपद की आवश्यक जिला बैठक कृषि दीप होटल, लक्सर में प्रदेश अध्यक्ष कुशल पाल सिंह के मार्गदर्शन में जिला अध्यक्ष राज सिंह वर्मा की अध्यक्षता तथा जिला मंत्री डॉ. आजाद सिंह के संरक्षण में हुई। बैठक में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की गई।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि बारिश और बाढ़ से किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। गन्ने और धान की करीब 50-50 प्रतिशत तथा सब्जी एवं चारे की करीब 90 प्रतिशत फसल प्रभावित होने का दावा करते हुए सरकार से तत्काल सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की गई।

किसानों को उत्तर प्रदेश की तर्ज पर निशुल्क बिजली देने, महंगाई और उत्पादन लागत को देखते हुए दूध का भाव 100 रुपये प्रति किलो निर्धारित करने तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग भी उठाई गई। इसके साथ ही आवारा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान पर रोक लगाने के लिए उन्हें पकड़कर वन विभाग के नियंत्रण में रखने अथवा गौशालाओं में भेजने की मांग की गई।

बैठक में किसान सम्मान निधि में महंगाई के अनुरूप प्रतिवर्ष वृद्धि करने तथा गन्ने का मूल्य बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने की मांग रखी गई। किसानों की इन मांगों को लेकर 18 सितंबर 2026 को हरिद्वार जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया।

वक्ताओं ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि किसान अब चुप बैठने वाला नहीं है और भ्रष्टाचार के खिलाफ सड़कों पर उतरकर आवाज उठाएगा। बैठक में रिश्वतखोरी और बिचौलियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।

संगठनात्मक विस्तार को लेकर 10 सितंबर 2026 को कृषि दीप होटल, लक्सर में महत्वपूर्ण जिला बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसमें जिला एवं विकासखंडों की कार्यसमितियों के साथ प्रदेश और अखिल भारतीय स्तर के पदाधिकारी अपेक्षित रहेंगे। बैठक में संयुक्त क्षेत्र संगठन मंत्री शिवकांत दीक्षित का मार्गदर्शन प्राप्त होगा।

बैठक में स्वर्ण जयंती वर्ष के सदस्यता अभियान को लेकर प्रत्येक कार्यकर्ता को कम से कम पांच गांवों में सदस्यता अभियान चलाने और ग्राम समितियों का गठन करने का लक्ष्य दिया गया। वहीं 30 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में महिला किसान संघ द्वारा आयोजित किसान सम्मेलन में हरिद्वार जनपद से अधिक से अधिक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की योजना पर भी चर्चा हुई।

संगठन को मजबूत करने के लिए नए सदस्यों को जोड़ने तथा विकासखंड और जिला स्तर पर सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

इस अवसर पर प्रदेश मंत्री मास्टर चेतराम नायक, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुधीर चौधरी, लक्सर विकासखंड अध्यक्ष गोरख सिंह, विकासखंड मंत्री समय सैनी, जिला कोषाध्यक्ष अनिल कुमार, जिला विद्युत प्रमुख विनोद सैनी, विभाग संगठन मंत्री नृपेन्द्र सिंह, संगठन मंत्री उत्तराखंड सुकर्म पाल राणा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

By admin