देहरादून में 22-23 फरवरी को सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत का प्रवास, प्रमुख नागरिकों व पूर्व सैनिकों से करेंगे संवाद
देहरादून। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना 1925 में विजयदशमी के दिन नागपुर में हुई थी। संघ अपने 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विजयदशमी 2025 से विजयदशमी 2026 तक की अवधि को शताब्दी वर्ष के रूप में मना रहा है। इस दौरान देशभर में विभिन्न सामाजिक, बौद्धिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में उत्तराखंड में भी विशेष कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहनराव भागवत 22 एवं 23 फरवरी 2026 को दो दिवसीय उत्तराखंड प्रवास पर रहेंगे।
22 फरवरी को उत्तराखंड प्रांत के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रमुख नागरिकों के साथ उनका संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस संवाद में समाज जीवन के अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय और नेतृत्वकारी भूमिका निभा रहे व्यक्तियों को आमंत्रित किया गया है। वहीं 23 फरवरी को सेवाविवृत्त सैनिकों के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम प्रस्तावित है।
संघ कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदेश भर से प्रमुख नागरिकों एवं पूर्व सैनिकों की सूची तैयार कर उनसे संपर्क साधा जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि इन संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विविध वर्गों के साथ विचार-विमर्श कर विकसित, श्रेष्ठ और समर्थ भारत के निर्माण की दिशा में सकारात्मक वातावरण तैयार करने का प्रयास किया जाएगा।
