Share this Post

पिथौरागढ़। वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान और विश्वास को मजबूत करने के उद्देश्य से जनपद पिथौरागढ़ पुलिस द्वारा सीनियर सिटीजन आउटरीच अभियान के तहत व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों व जवानों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में वरिष्ठ नागरिकों से भेंट कर न केवल उनकी कुशलक्षेम जानी, बल्कि संवाद के माध्यम से उनकी समस्याएं भी सुनीं।

अभियान के तहत कोतवाली धारचूला में प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात की। वहीं कोतवाली डीडीहाट में प्रभारी निरीक्षक संजय जोशी, कोतवाली गंगोलीहाट में प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र जोशी तथा थाना थल क्षेत्र में थानाध्यक्ष प्रकाश पाण्डे के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने वरिष्ठ नागरिकों के घर-घर जाकर उनसे संवाद स्थापित किया। पुलिस टीमों ने उन्हें यह भरोसा दिलाया कि किसी भी परिस्थिति में पुलिस उनके साथ खड़ी है।

इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षा से जुड़े आवश्यक उपायों, साइबर अपराधों से बचाव के तरीकों और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान समय में साइबर ठगी की घटनाएं बढ़ रही हैं, ऐसे में सतर्कता और जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश या लेनदेन की स्थिति में बिना संकोच पुलिस से संपर्क करें।

पिथौरागढ़ पुलिस ने संदेश देते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनकी सुरक्षा व सम्मान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इस प्रकार के अभियानों का उद्देश्य केवल सुरक्षा ही नहीं, बल्कि पुलिस और आमजन के बीच विश्वास को और मजबूत करना भी है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी आवश्यकता या आपात स्थिति में डायल 112 पर कॉल करें।
पिथौरागढ़ पुलिस ने भरोसा दिलाया कि वह सदैव जनसेवा और जनसुरक्षा के लिए तत्पर है।

By admin

You missed