देहरादून।राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर परेड ग्राउंड देहरादून में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिला मंगल दलों और युवक मंगल दलों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मंगल दलों को क्रमशः एक लाख रुपये, 50 हजार रुपये और 25 हजार रुपये की धनराशि प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर महिला मंगल दल धापला (नैनीताल) को प्रथम, महिला मंगल दल सेमा (चमोली) को द्वितीय तथा महिला मंगल दल बनाली (टिहरी गढ़वाल) को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं युवक मंगल दल मोख मल्ला (चमोली) को प्रथम, युवक मंगल दल सुंदरपुर रैक्वाल (नैनीताल) को द्वितीय और युवक मंगल दल चौडीराय (चंपावत) को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही भाषण प्रतियोगिता के विजेताओं और एनएसएस अवार्ड प्राप्त युवाओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान एनएसएस द्वारा मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 2 लाख 24 हजार 320 रुपये का चेक मुख्यमंत्री को सौंपा गया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद को नमन करते हुए कहा कि वे ऐसे युगद्रष्टा महापुरुष थे, जिन्होंने परतंत्रता की बेड़ियों में जकड़े राष्ट्र में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की चेतना को पुनः जागृत किया। शिकागो में दिए गए उनके ऐतिहासिक उद्बोधन ने न केवल पश्चिमी जगत को भारत की आध्यात्मिक शक्ति से परिचित कराया, बल्कि समस्त विश्व को यह संदेश दिया कि सनातन संस्कृति के मूल्यों में ही मानवता का कल्याण निहित है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद का युवा शक्ति पर अटूट विश्वास था और वे युवाओं को राष्ट्र के पुनर्जागरण का सबसे सशक्त माध्यम मानते थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है, जो अपने परिश्रम, प्रतिभा और संकल्प के बल पर सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के स्वप्न को साकार करने की क्षमता रखती है। यदि इस ऊर्जा को सही दिशा और मार्गदर्शन मिले, तो भारत न केवल आर्थिक महाशक्ति बनेगा, बल्कि पुनः विश्व गुरु के रूप में स्थापित होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहे हैं। स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, फिट इंडिया और नई शिक्षा नीति जैसी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को उनकी प्रतिभा के अनुसार अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। राज्य सरकार भी युवाओं को सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। नई स्टार्टअप नीति के माध्यम से राज्य में स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल विकास योजना के जरिए युवाओं को प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग और आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड सनातन संस्कृति, दर्शन और आध्यात्म की भूमि रही है। स्वामी विवेकानंद ने उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों में तपस्या कर ज्ञान प्राप्त किया था। सरकार ने उन सभी स्थलों को चिन्हित कर स्वामी विवेकानंद कॉरिडोर विकसित करने का निर्णय लिया है, जिससे युवाओं को प्रेरणा और आध्यात्मिक चेतना का मार्गदर्शन मिलेगा।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में हर क्षेत्र में प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर विधायक खजान दास, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, निदेशक खेल डॉ. आशीष चौहान सहित बड़ी संख्या में युवा, महिला मंगल दल और युवक मंगल दलों के सदस्य उपस्थित रहे।
