मातृशक्ति दुर्गा वाहिनी का स्थापना दिवस हर्षोल्लास से संपन्न
हनुमान मंदिर, हरवंश वाला में हुआ भव्य आयोजन
देहरादून, 28 अगस्त।
विश्व हिंदू परिषद – मातृशक्ति दुर्गा वाहिनी का स्थापना दिवस गुरुवार की शाम हरवंश वाला स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण (सीमा द्वार, निकट थाना वसंत विहार) में धूमधाम और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर प्रांगण में मंगलाचरण और जयकारों के साथ हुआ। बड़ी संख्या में मातृशक्ति और दुर्गा वाहिनी की कार्यकर्ता बहनों की उपस्थिति से माहौल ऊर्जा और उत्साह से भर गया।
मुख्य वक्ता श्रीमती संध्या कौशिक जी, प्रांतीय टोली सदस्य, मातृशक्ति – विश्व हिंदू परिषद ने अपने संबोधन में कहा कि “मातृशक्ति केवल घर-परिवार की धुरी नहीं है, बल्कि राष्ट्र की वास्तविक शक्ति है। जब नारी शक्ति समाज में सक्रिय होकर धर्म और संस्कृति का प्रचार करती है तो राष्ट्र स्वतः ही सशक्त और संगठित होता है।” उन्होंने युवतियों और मातृशक्ति कार्यकर्ताओं को राष्ट्र सेवा और संस्कार निर्माण में अग्रसर रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन आत्मीय और अनुशासित शैली में दीपाली शुक्ला, विभाग सह-संयोजिका – दुर्गा वाहिनी, विश्व हिंदू परिषद, देहरादून-दक्षिण ने किया। उन्होंने पूरे आयोजन को सहज और ऊर्जावान बनाए रखते हुए वक्ताओं का परिचय और कार्यक्रम की शृंखला को अचार-पद्धति से आगे बढ़ाया।
स्थापना दिवस समारोह में उपस्थित बहनों ने भजन, गीत और जयकारों के माध्यम से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम के अंत में आभार ज्ञापन भी किया गया, जिसमें मातृशक्ति की एकजुटता और राष्ट्रहित में सतत कार्य करने का संकल्प लिया गया।
मंदिर प्रांगण देर तक “भारत माता की जय” और “जय श्रीराम” के नारों से गूंजता रहा।
