अवैध भांग की खेती पर पुलिस का हंटर, अस्कोट में 5 नाली फसल नष्ट
पिथौरागढ़। नशा मुक्त उत्तराखण्ड अभियान के तहत जनपद पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई अंजाम दी है। पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ श्रीमती रेखा यादव के निर्देशन में चल रहे अभियान के क्रम में अस्कोट थाना क्षेत्र के ओगला पट्टी में अवैध भांग की खेती को ध्वस्त कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को थानाध्यक्ष अस्कोट सुरेश कम्बोज के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने पाठक गांव, ओगला क्षेत्र में दबिश दी। इस दौरान उ0नि0 बसन्त पन्त (चौकी प्रभारी ओगला), का0 ध्रुव सिंह, का0 गणेश तिवारी, का0 कवीन्द्र सिंह मेहरा एवं हो0गा0 अजय सिंह ने मिलकर लगभग 5 नाली भूमि में फैली अवैध भांग की खेती को नष्ट किया।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस अधीक्षक ने साफ संदेश दिया कि जिले में नशे के कारोबार या अवैध खेती को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि “नशे की जड़ पर प्रहार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
सिर्फ खेती नष्ट करने तक ही पुलिस ने अपनी मुहिम सीमित नहीं रखी। मौके पर मौजूद ग्रामीणों को मानस नेशनल नार्कोटिक्स हेल्पलाइन (1933) के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस ने अपील की कि नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना आमजन तुरंत हेल्पलाइन नंबर पर दें, ताकि समय रहते उचित कानूनी कार्रवाई हो सके।
गौरतलब है कि उत्तराखण्ड सरकार ने “नशा मुक्त उत्तराखण्ड” का जो अभियान छेड़ा है, उसमें पिथौरागढ़ पुलिस लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। आए दिन तस्करों पर शिकंजा कसने के साथ ही अब अवैध खेती करने वालों को भी कानून के शिकंजे में कसा जा रहा है।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशा कारोबारियों और अवैध खेती करने वालों में हड़कंप है, वहीं आमजन ने राहत की सांस ली है,
