Share this Post

डाकरा गुरुद्वारा में 20 किलोवाट सौर ऊर्जा संयंत्र का कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया उद्घाटन, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ा गुरुद्वारा परिसर

देहरादून, 22 जून 2025:उत्तराखंड सरकार की हरित ऊर्जा क्रांति को आगे बढ़ाते हुए रविवार को गढ़ी कैंट स्थित डाकरा गुरुद्वारा परिसर में 20 किलोवाट क्षमता के सोलर पावर प्लांट का उद्घाटन प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया। यह सौर संयंत्र विधायक निधि से लगभग 10 लाख रुपये की लागत से स्थापित किया गया है, जिससे प्रति माह 3000 यूनिट बिजली का उत्पादन होगा। इस संयंत्र के स्थापित होने से अब गुरुद्वारा साहिब पूरी तरह से ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन गया है।

इस अवसर पर अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मकर संक्रांति के पावन पर्व पर 14 जनवरी 2024 को की गई उनकी घोषणा अब साकार रूप ले चुकी है। उन्होंने कहा कि इससे प्रतिदिन लगभग 100 यूनिट विद्युत का उत्पादन होगा जिससे गुरुद्वारा साहिब न केवल अपनी ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति करेगा बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान देगा।

उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार “मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना” के माध्यम से युवाओं को रोजगार व ऊर्जा आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध करा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘वन सन, वन वर्ल्ड, वन ग्रिड’ के संकल्प को उत्तराखंड तेजी से साकार कर रहा है। अब हर पर्वतीय गांव, हर नौजवान इस योजना से जुड़कर स्वरोजगार की राह पर बढ़ रहा है।

गणेश जोशी ने बताया कि गढ़ी कैंट क्षेत्र में सरकार के माध्यम से कई महत्वपूर्ण विकास कार्य संपन्न हुए हैं। क्षेत्र का सबसे बड़ा सामुदायिक भवन निर्मित हो चुका है। 58 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज योजना स्वीकृत कर निविदाएं आमंत्रित कर ली गई हैं। पेयजल संकट से निपटने के लिए विभिन्न स्थानों पर नलकूपों का निर्माण किया गया है। वीर शहीदों के सम्मान में द्वार बनाए गए हैं। वीरपुर पुल का निर्माण भी रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया है।

मंत्री ने गुरुद्वारा परिसर के सुंदरीकरण हेतु अल्पसंख्यक कल्याण विभाग से धनराशि उपलब्ध कराने की घोषणा की। इसके साथ ही टपकेश्वर मंदिर में भी सोलर पावर प्लांट लगाए जाने की स्वीकृति प्रदान की।

इससे पूर्व मंत्री गणेश जोशी ने गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर गुरुग्रंथ साहिब के सामने नतमस्तक होकर आशीर्वाद लिया। समिति के पदाधिकारियों द्वारा उनका स्वागत किया गया और स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। इस अवसर पर उरेडा के अधिकारियों ने परियोजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम का संचालन भाजपा नेता देवेंद्र पाल सिंह ने किया। मौके पर गुरुद्वारा समिति के प्रधान सरदार दलीप सिंह, महासचिव सरदार गुरमीत सिंह कैंथ, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, पूर्व छावनी परिषद उपाध्यक्ष राजेंद्र कौर सौंधी, विष्णु प्रसाद गुप्ता, मनोज क्षेत्री, नीरा थापा, प्रदीप शर्मा, तुलसी देवी, सारिका खत्री समेत कई गणमान्य व्यक्ति तथा विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

By admin