मोथरोवाला में सीएम धामी ने सुना ‘मन की बात’, बोले—देशवासियों को मिलती है नई प्रेरणा
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मोथरोवाला, देहरादून में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात के 133वें संस्करण को सुना। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम को देशवासियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री समाज के विभिन्न वर्गों के प्रेरक कार्यों, नवाचार, स्टार्टअप, स्वच्छता, आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण और लोक संस्कृति जैसे विषयों को प्रभावी ढंग से सामने रखते हैं। इससे लोगों को आगे बढ़ने की नई ऊर्जा और प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम ने आमजन के प्रयासों को एक सशक्त मंच प्रदान किया है। देश के कोने-कोने में हो रहे उत्कृष्ट कार्यों को पहचान मिल रही है और समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माहौल बन रहा है।
सीएम धामी ने कहा कि मेहनत और परिश्रम करने वालों को निश्चित रूप से सफलता मिलती है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत का मान-सम्मान और स्वाभिमान हर क्षेत्र में बढ़ा है। आज देश विज्ञान, रक्षा और एआई के क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है। भारत अब रक्षा उपकरणों के निर्यात में भी आगे बढ़ रहा है, जो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखण्ड भी विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। सीमांत क्षेत्रों में सड़क, रेल और आधुनिक सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। उत्तराखण्ड, विकसित भारत के संकल्प में अपनी अहम भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखण्ड से विशेष लगाव है। बाबा केदार की पावन भूमि से प्रधानमंत्री द्वारा 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखण्ड का दशक बताया गया था, जिस दिशा में राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है और इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड की संस्कृति, आस्था और साधना को संरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है। देवभूमि की पहचान को बनाए रखने के साथ ही राज्य में सख्त दंगारोधी, धर्मांतरण और नकल विरोधी कानून लागू किए गए हैं, जो अन्य राज्यों के लिए भी उदाहरण बन रहे हैं।
इस अवसर पर विधायक विनोद चमोली, प्रताप सिंह पंवार, सरिता डंगवाल, मोहित शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
