332 नव नियुक्त कार्मिकों को मिले नियुक्ति पत्र, सीएम धामी ने कहा- जनसेवा को नौकरी नहीं जिम्मेदारी मानें

आयुष विभाग के 271 और ईएसआई के 61 फार्मेसी अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी, सीएम ने कहा- जरूरतमंद के जीवन में बदलाव लाने का माध्यम बनें

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले कार्मिक अपने दायित्वों का निर्वहन सेवाभाव, संवेदनशीलता और पूरी निष्ठा के साथ करें। अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने वाला प्रत्येक व्यक्ति उम्मीद लेकर आता है। ऐसे में कार्मिकों का सही निर्णय और ईमानदार प्रयास जरूरतमंद के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकता है।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने आयुष विभाग के 271 तथा कर्मचारी राज्य बीमा योजना के अंतर्गत 61 एलोपैथिक फार्मेसी अधिकारियों समेत कुल 332 नव नियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने सभी नवनियुक्त कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

जनसेवा को बनाएं जीवन का उद्देश्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्ति पत्र मिलना युवाओं के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। इसके साथ ही उनके जीवन में जनसेवा की नई जिम्मेदारी शुरू होती है। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा को केवल रोजगार के रूप में देखने के बजाय समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनाया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आयुष विभाग और कर्मचारी राज्य बीमा योजना से जुड़े कार्मिकों की भूमिका सीधे लोगों के स्वास्थ्य और जीवन से जुड़ी है। इसलिए उनके कार्य में संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण का विशेष महत्व है। मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त कार्मिकों से कहा कि वे जहां भी सेवाएं दें, अपनी कार्यशैली से उदाहरण प्रस्तुत करें।

पारदर्शी भर्ती व्यवस्था का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में भर्ती व्यवस्था को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं। नकल माफिया के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के साथ ही सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश के युवाओं को उनकी मेहनत और योग्यता के आधार पर सरकारी सेवाओं में अवसर मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। यह पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की प्रतिभा और ऊर्जा का उपयोग राज्य के विकास में किया जाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

आयुष को ग्लोबल वेलनेस हब बनाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि होने के साथ ही योग, आयुर्वेद और औषधीय जड़ी-बूटियों की समृद्ध परंपरा वाला राज्य है। सरकार उत्तराखंड को मॉडल आयुष प्रदेश के साथ ग्लोबल वेलनेस हब के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है।

प्रदेश के सभी जनपदों में आयुष सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। पंचकर्म सेवाओं को आधुनिक बनाया जा रहा है और आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ई-संजीवनी के माध्यम से लोगों को घर बैठे विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा मिल रही है। आयुष सेतु पोर्टल भी आयुष सेवाओं को जनसुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

सभी 13 जिलों तक पहुंची ईएसआई योजना

मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारी राज्य बीमा योजना की स्वास्थ्य सेवाओं का भी लगातार विस्तार किया जा रहा है। पहले ईएसआई योजना प्रदेश के छह जनपदों तक सीमित थी, जिसे अब सभी 13 जनपदों तक पहुंचाया गया है।

उन्होंने बताया कि रुद्रपुर में 100 बेड के ईएसआई अस्पताल का संचालन शुरू हो चुका है। हरिद्वार में 300 बेड के ईएसआई अस्पताल का निर्माण कार्य चल रहा है, जबकि काशीपुर में ईएसआई अस्पताल के लिए भूमि चिन्हित की गई है। स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के लिए 47 नए चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है।

हर व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाना लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ मानव संसाधन को भी मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने नवनियुक्त कार्मिकों से कहा कि उनकी ऊर्जा और क्षमता विकसित एवं सशक्त उत्तराखंड के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी कार्मिक ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सेवाभाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक ने भी नवनियुक्त कार्मिकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में आयुष सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जनसुलभ बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विधायक सविता कपूर, सचिव श्रम श्रीधर बाबू अद्दांकी, सचिव आयुष एवं आयुष शिक्षा रंजना राजगुरू, अपर सचिव विजय कुमार जोगदण्डे, आकांक्षा कोण्डे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

By admin