Share this Post

खजूरी (भगवानपुर, हरिद्वार) में भारतीय किसान संघ की बैठक, संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान पर जोर

हरिद्वार जनपद के भगवानपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम खजूरी में भारतीय किसान संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का नेतृत्व प्रदेश कार्य समिति के नवनियुक्त सदस्य चंदन त्यागी ने किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता चंदन सिंह त्यागी ने की। इस अवसर पर संगठन मंत्री उत्तराखंड सुकर्म पाल राणा के मार्गदर्शन में संगठन विस्तार तथा स्वर्ण जयंती वर्ष के सदस्यता अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि भगवानपुर विकासखंड के प्रत्येक गांव में सदस्यता अभियान चलाकर सक्रिय ग्राम समितियों का गठन किया जाएगा, ताकि किसानों की समस्याओं को संगठित रूप से उठाया जा सके। वक्ताओं ने कहा कि जब तक किसान संगठित नहीं होगा, तब तक उसकी समस्याओं का समाधान संभव नहीं है।

किसानों के अधिकारों के लिए आंदोलन की रणनीति

संगठन मंत्री उत्तराखंड सुकर्म पाल राणा ने कहा कि किसान किसी से भीख नहीं मांगता, बल्कि अपने अधिकारों की मांग करता है और उन्हें हर हाल में लेकर रहेगा। उन्होंने कहा कि किसानों की जायज समस्याओं के समाधान के लिए शासन-प्रशासन पर दबाव बनाया जाएगा और जरूरत पड़ने पर आंदोलन भी किया जाएगा।

उन्होंने भ्रष्टाचार के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि जागरूक किसान ही भ्रष्टाचार के खिलाफ सबसे बड़ी ताकत बन सकता है। यदि किसान कंधे से कंधा मिलाकर संगठित होकर काम करेंगे तो न केवल संगठन मजबूत होगा बल्कि भ्रष्टाचार पर भी अंकुश लगेगा।

देसी गाय आधारित जैविक खेती पर जोर

बैठक में यह भी आह्वान किया गया कि प्रत्येक किसान परिवार में देसी गाय का पालन किया जाए और देसी गाय आधारित जैविक खेती को बढ़ावा दिया जाए। वक्ताओं ने कहा कि इससे खेती की लागत कम होगी और किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

“किसान शक्ति जागेगी, सारी समस्या भागेगी”

प्रदेश कार्य समिति सदस्य चंदन त्यागी ने कहा कि जब तक किसान संगठित नहीं होगा, उसकी कोई सुनने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान संघ का नारा है —
“किसान शक्ति जागेगी, सारी समस्या भागेगी।”

उन्होंने किसानों से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा —
“हर किसान हमारा नेता है, जो हमसे टकराएगा वह हममें ही मिल जाएगा। किसान-किसान भाई-भाई, राजनीति के पाटों से बचाई।”

अनेक किसान कार्यकर्ता रहे उपस्थित

बैठक में लाहौर सिंह (ग्राम डेलना), अंकित, अंकित त्यागी (ग्राम बेहड़ेकी), सुरेश कुमार (ग्राम सावंतवाली), मनोज कुमार, मयंक कुमार, पंजाब सिंह, नदीम खान, राज सिंह, विक्की कुमार, सुनील कुमार, विजेंद्र सिंह, विनय कुमार सहित कई गांवों के किसान और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

फसल कार्य के बाद आंदोलन की तैयारी

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि फिलहाल क्षेत्र में गेहूं की कटाई और गन्ने की बुवाई का कार्य चल रहा है। खेती का कार्य कम होने के बाद विकासखंड स्तर पर बैठकों का आयोजन किया जाएगा और किसानों की समस्याओं को लेकर तहसील मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा।

किसान नेताओं ने कहा कि संगठित किसान ही अपनी ताकत से शासन-प्रशासन को जवाब देने में सक्षम है और किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन निरंतर सक्रिय रहेगा।

By admin