Share this Post

बेटियों के उज्ज्वल भविष्य हेतु जिलाधिकारी ने दिए निर्देश, महिला सशक्तिकरण टास्क फोर्स की बैठक सम्पन्न

पौड़ी गढ़वाल। महिला सशक्तिकरण और बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य को लेकर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई। बैठक में बालिकाओं के सर्वांगीण विकास को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ‘अफसर बिटिया’ कार्यक्रम के तहत छात्राओं के लिए करियर काउंसलिंग, स्वास्थ्य संबंधी कार्यशालाएं और उनकी रुचि के अनुसार एक्सपोजर विजिट कराई जाएं। उन्होंने कहा कि कक्षा 11 और 12 की छात्राओं को पारंपरिक व गैर पारंपरिक क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से अवगत कराना बेहद जरूरी है।

इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों में प्रथम चरण में विद्यार्थियों को ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ थीम पर आधारित यूनिफॉर्म उपलब्ध कराई जाए, ताकि स्थानीय स्तर पर अभियान का अधिक प्रभावी प्रचार-प्रसार हो सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला, जिला शिक्षाधिकारी (माध्यमिक) रणजीत सिंह नेगी, वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासिका लक्ष्मी रावत, सभी सीडीपीओ और संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

By admin