Share this Post

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शासकीय आवास में दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान कुलपति ने मुख्यमंत्री को विश्वविद्यालय के सभी शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों का एक दिन का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में योगदान स्वरूप भेंट किया। यह राशि आपदा प्रभावित लोगों की सहायता के लिए दी गई है।

मुख्यमंत्री ने दून विश्वविद्यालय की इस सामूहिक सहयोग भावना की सराहना करते हुए कहा कि आपदा की घड़ी में विश्वविद्यालय का यह कदम न केवल प्रेरणादायक है, बल्कि राज्य के शैक्षणिक संस्थानों की सामाजिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का भी प्रतीक है। उन्होंने कुलपति और विश्वविद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया।

सीएम धामी ने विश्वास जताया कि राज्य के अन्य शैक्षणिक, सामाजिक और निजी संस्थान भी इसी प्रकार आगे आकर आपदा राहत कार्यों में सहयोग देंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित राहत और पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता से संचालित कर रही है। जन सहयोग से यह कार्य और अधिक प्रभावी ढंग से संपन्न हो सकेगा।

By admin