Share this Post

आदर्श थाना’ बनाने की अनूठी पहल: एसपी सीआईडी यशवंत चौहान ने लिया गोपेश्वर थाने को गोद

गोपेश्वर (चमोली): उत्तराखंड पुलिस विभाग में सुधार और आधुनिकरण की दिशा में एक अभिनव पहल प्रारंभ की गई है, जिसके अंतर्गत वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अपने करियर की प्रथम तैनाती वाले थाने को ‘आदर्श थाना’ के रूप में विकसित करने हेतु गोद ले रहे हैं। इसी क्रम में एसपी सीआईडी श्री यशवंत चौहान ने चमोली जनपद के गोपेश्वर थाना को गोद लेने का निर्णय लिया है।

उल्लेखनीय है कि श्री चौहान का चमोली जिले से पुराना नाता रहा है। वर्ष 2019 से 2021 के बीच वे जनपद के पुलिस अधीक्षक पद पर कार्यरत रह चुके हैं। इस अवधि में उन्होंने पुलिस विभाग की कार्यशैली में नवाचार लाने और पुलिसकर्मियों के कल्याण हेतु कई सराहनीय प्रयास किए थे।

‘आदर्श थाना’ बनाने की इस पहल के तहत श्री चौहान गोपेश्वर थाने पहुंचे, जहां उन्होंने परिसर का विस्तृत भौतिक निरीक्षण किया। उन्होंने पुरुष व महिला बैरक, एसएसआई कक्ष सहित अन्य महत्वपूर्ण सुविधाओं का जायजा लिया और इन संरचनाओं के उन्नयन व सुधार के निर्देश मौके पर ही पुलिस अधीक्षक श्री सर्वेश पंवार तथा संबंधित अभियंताओं को दिये। साथ ही आवश्यक सुझाव भी मांगे, जिससे थाना परिसर आधुनिक सुविधाओं से युक्त होकर पुलिस कर्मियों के लिए सहज, सुरक्षित और प्रेरक कार्यस्थल बन सके।

निरीक्षण के दौरान गोपेश्वर थानाध्यक्ष श्री विनोद चौरसिया, जनपद पुलिस के अन्य अधिकारी, स्थानीय पत्रकारगण व समाजसेवी संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे पुलिस सेवा की गुणवत्ता में सुधार की दिशा में बड़ा कदम बताया।

क्या है ‘आदर्श थाना’ योजना?
‘आदर्श थाना’ योजना के तहत थानों में न केवल भौतिक सुविधाएं जैसे साफ-सुथरे बैरक, आधुनिक कार्यालय कक्ष, बेहतर शौचालय, पेयजल व बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाती है, बल्कि थानों की कार्यशैली में भी सुधार लाया जाता है ताकि पीड़ित व्यक्ति को त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी सेवा मिल सके। इस योजना के अंतर्गत थाने का समग्र विकास किया जाएगा जिससे पुलिसकर्मियों के कार्य व जीवन गुणवत्ता में भी वृद्धि हो।

स्थानीय जनता में उत्साह:
इस पहल को लेकर स्थानीय नागरिकों में भी विशेष उत्साह देखा गया। समाजसेवियों व पत्रकारों ने उम्मीद जताई कि गोपेश्वर थाना शीघ्र ही राज्य का आदर्श थाना बनकर उभरेगा, जो अन्य थानों के लिए मिसाल पेश करेगा।

By admin