Share this Post

देहरादून, 22 जून 2025।आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से दून पुलिस ने कमर कस ली है। इस क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून द्वारा जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों की गहन समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पंचायत चुनाव की नामांकन प्रक्रिया आगामी 25 जून से आरंभ होनी है, ऐसे में नामांकन स्थल पर नियुक्त अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि निर्धारित संख्या में ही प्रत्याशी एवं उनके प्रस्तावक अंदर प्रवेश करें। साथ ही नामांकन जुलूस के समय को पूर्व निर्धारित करने, आपसी टकराव की आशंका वाले बिंदुओं को चिह्नित करने एवं समय से समाधान करने के निर्देश दिये।

उन्होंने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की समय से पहचान कर असामाजिक तत्वों पर पैनी निगाह रखने तथा आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिये। पोलिंग पार्टियों की आवाजाही व मतगणना के मद्देनजर प्रभावी यातायात योजना समय रहते तैयार करने तथा निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार शस्त्र लाइसेंसियों से शस्त्र जमा कराने की कार्रवाई तत्काल पूरी करने को कहा।

एसएसपी ने लम्बित अपराधों की समीक्षा करते हुए इनके शीघ्र अनावरण का आदेश दिया। साथ ही सीसीटीएनएस के तहत राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर संचालित पोर्टलों पर सूचनाओं के समय पर अपडेट की अनिवार्यता पर बल देते हुए लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त यातायात नियमों के उल्लंघन संबंधी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने, चालान संबंधित उल्लंघनकर्ताओं तक समय से पहुंचाने तथा सीएम हेल्पलाइन व अन्य पोर्टलों के माध्यम से प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्रों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के भी आदेश दिये गये। इस संदर्भ में शिथिलता बरतने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

बैठक में आगामी कांवड़ मेले को लेकर भी व्यापक चर्चा हुई। पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश एवं क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश को कांवड़ यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा प्रबंध, ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग स्थलों की पहचान एवं वहां आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये।

एसएसपी ने कहा कि पंचायत चुनाव तथा कांवड़ मेला दोनों अवसरों पर पुलिस की ओर से कोई भी चूक नहीं होनी चाहिए। सभी अधिकारी पूरी सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें ताकि जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनी रहे।

By admin