मानसिक रूप से अस्वस्थ वृद्ध महिला को थाना पोखरी पुलिस ने किया परिजनों के सुपुर्द

चमोली-मानसिक रूप से अस्वस्थ वृद्ध महिला को थाना पोखरी पुलिस ने किया परिजनों के सुपुर्द। दिनांक 25.08.24 की रात्रि को श्री विपिन द्वारा थाना पोखरी को सूचना दी गयी कि एक अज्ञात महिला को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी लाया गया है। महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही है तथा अपना नाम-पता बताने में असमर्थ है। उक्त सूचना पर थाना पोखरी से अ0उ0नि0 दलवीर सिंह, म0कॉ0 कविता अन्य कर्मगणों के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी पहुँचे। महिला आरक्षी द्वारा मानवीय संवेदनाओं को भी ध्यान में रखते हुए महिला से संवाद किया गया तो महिला द्वारा अपना नाम पुष्पा देवी निवासी रुद्रप्रयाग बताया गया। महिला की चिकित्सा स्थिति को ध्यान में रखते हुए पोखरी पुलिस द्वारा उन्हें रात्रि में सुरक्षा के दृष्टिगत महिला आरक्षी कविता की देखरेख में थाना पोखरी लाया गया। जहां थाना पोखरी पुलिस द्वारा महिला के परिजनों के बारे में जानकारी जुटाई गयी। पुलिस के अथक प्रयासों से दिनांक 26/08/2024 को महिला के परिवार से संपर्क कर थाना पोखरी बुलाया गया, जिसके पश्चात महिला को सकुशल उनके पारिवारिक सदस्य श्री सत्य प्रसाद चौधरी निवासी पोखरी के सुपुर्द किया गया। जिनके द्वारा बताया गया कि महिला पिछले कई सालों से मानसिक रूप से अस्वस्थ चली आ रही हैं, परिजनों द्वारा पुलिस की तत्परता और कार्यशैली की विशेष सराहना करते हुए पोखरी पुलिस का आभार जताया।