केन्द्रीय विद्यालय एस.एस.बी.श्रीनगर में चली पौड़ी पुलिस की जन जागरूकता की पाठशाला

 

प्रदीप कुमार

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्वेता चौबे द्वारा जनपद के समस्त थाना प्रभारियों/यातायात प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के स्कूलों में जाकर छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों,यातायात नियमों व साइबर अपराध आदि के विषय में जानकारी देकर जागरूक करने हेतु निर्देशित किया गया है। पौड़ी पुलिस द्वारा लगातार स्कूलों में जाकर जन जागरूकता अभियान चलाये जा रहे है। पौड़ी गढ़वाल पुलिस की जागरूकता पाठशालाओं से प्रभावित होकर केन्द्रीय विद्यालय एस.एस.बी.श्रीनगर के प्रधानाचार्य के विशेष अनुरोध पर आज दिनांक 23.02.2024 को यातायात उप निरीक्षक नीरज शर्मा द्वारा केन्द्रीय विद्यालय एस.एस.बी. श्रीनगर में छात्र-छात्राओं को यातायात के नियमों की जानकारी दी गयी साथ ही यातायात के संकेतों/चिन्हों के सम्बन्ध में बताकर यातायात नियमों का पालन करने हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही छात्र-छात्राओं के बालिग होने पर ही वाहन चलाने एवं मोटर वाहन अधिनियम में नाबालिग द्वारा वाहन चलाने पर होने वाली चालानी/दण्डात्मक कार्यवाही के बारे में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गयी। इसके अलावा पुलिस टीम द्वारा छात्र-छात्राओं को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों,नशे की रोकथाम करने व साइबर अपराध के विषय में भी विस्तृत जानकारी दी गयी।
छात्र-छात्राओं को अपने परिजनों व दोस्तों को यातायात नियमों की जानकारी साझा करने के लिए प्रेरित करते हुये सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद कर उसकी जान बचाते हुये एक अच्छे “Good Samaritan” की भूमिका निभाने के लिये भी प्रोत्साहित किया गया।