राज्य स्थापना दिवस पर परेड ग्राउंड में होगा सम्मान समारोह, राजनीति, चिकित्सा, शिक्षा, संस्कृति, पर्यावरण और खेल जगत की हस्तियों का हुआ चयन

देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश के विकास, पहचान और प्रतिष्ठा में विशेष योगदान देने वाली 15 विभूतियों को उत्तराखण्ड गौरव सम्मान पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया जाएगा। चयनित महानुभावों को राज्य स्थापना दिवस पर देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।

राज्य सरकार की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों का चयन किया गया है। राजनीतिक एवं शासकीय क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चन्द्र खण्डूड़ी को मरणोपरांत उत्तराखण्ड गौरव सम्मान दिया जाएगा। चिकित्सा के क्षेत्र में डॉ. जीवन सिंह तितियाल और उद्यमिता के क्षेत्र में मनमोहन भारद्वाज को सम्मानित किया जाएगा।

फिल्म जगत में योगदान के लिए अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, लोक जागर गायन के लिए हेमा नेगी करासी तथा शिक्षा एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में डॉ. गिरीश रंजन तिवारी को सम्मान प्रदान किया जाएगा। सामाजिक क्षेत्र में अनीता थपलियाल शर्मा और कश्मीर सिंह को इस सम्मान के लिए चुना गया है।

पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए पर्यावरणविद सुरेश भाई तथा लोक गायन के क्षेत्र में रेशमा शाह को सम्मानित किया जाएगा।

खेल जगत में प्रदेश और देश का नाम रोशन करने वाली पांच प्रतिभाओं को भी उत्तराखण्ड गौरव सम्मान प्रदान किया जाएगा। इनमें क्रिकेटर एकता बिष्ट, हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया, धाविका अंकिता ध्यानी, मुक्केबाज निकिता चंद और पर्वतारोही कपिल पोखरिया शामिल हैं।

राज्य स्थापना दिवस पर आयोजित होने वाला यह सम्मान समारोह प्रदेश की उन विभूतियों के योगदान को रेखांकित करेगा, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर उत्तराखण्ड को विशिष्ट पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

By admin