महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने दीर्घकालीन सेवाओं को सराहा, कहा- विभागीय व्यवस्था की मजबूत कड़ी होते हैं प्रत्येक कार्मिक
देहरादून। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में करीब 30 वर्षों तक अपनी सेवाएं देने के बाद चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी रईस अहमद शनिवार को सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर विभाग की ओर से आयोजित विदाई समारोह में महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने रईस अहमद के लंबे सेवाकाल की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी और उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।
समारोह को संबोधित करते हुए महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि किसी भी विभाग की कार्यप्रणाली को सुचारु बनाए रखने में प्रत्येक कार्मिक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भी विभागीय व्यवस्था की महत्वपूर्ण और मजबूत कड़ी होते हैं। रईस अहमद ने लगभग तीन दशकों तक पूरी निष्ठा, लगन और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उनका सेवाकाल अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा से सेवानिवृत्ति जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, लेकिन किसी कर्मचारी का अनुभव, व्यवहार और विभाग के प्रति उसका योगदान हमेशा याद रखा जाता है। उन्होंने रईस अहमद के आगामी जीवन के लिए उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सहकर्मियों ने साझा किए कार्यकाल के अनुभव
विदाई समारोह में अपर निदेशक आशीष त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक नितिन उपाध्याय, उप निदेशक मनोज श्रीवास्तव, रवि बिजारनिया और बद्री चंद सहित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं रईस अहमद के परिजन उपस्थित रहे। इस दौरान सहकर्मियों ने उनके साथ बिताए कार्यकाल के अनुभव साझा किए और उनके सरल व्यवहार एवं सेवाभाव को याद किया।
समारोह के दौरान विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने रईस अहमद को स्मृति चिह्न भेंट कर शुभकामनाएं दीं। लंबे समय तक साथ काम करने वाले सहकर्मियों के बीच विदाई का माहौल आत्मीय और भावुक रहा।
इस अवसर पर सूचना कर्मचारी संघ के अध्यक्ष कैलाश रावत, उपाध्यक्ष प्रशांत रावत, संजय कुमार, महामंत्री अंकित चौहान, कोषाध्यक्ष राकेश कुमार धीमान और संयुक्त मंत्री पारुल चौधरी सहित संघ के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। सभी ने रईस अहमद के स्वस्थ, सुखद और मंगलमय सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।
