मुख्यमंत्री धामी ने किया योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, महिला स्वयं सहायता समूहों को बांटी प्रोत्साहन राशि; बच्चों से मिलने प्रोटोकॉल छोड़ वाहन से उतरे मुख्यमंत्री
श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल)। श्रीनगर शहर को विकास और जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में नई सौगात मिली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रीयंत्र टापू में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 9.13 करोड़ रुपये की नौ विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने करीब नौ साल से बंद पड़ी सिटी बस सेवा का भी शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री के श्रीनगर पहुंचने पर महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने ‘सशक्त बहना, सशक्त उत्तराखण्ड’ कार्यक्रम के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को 2,01,530 रुपये के चेक वितरित किए। इसके साथ ही 51 पर्यावरण मित्र महिलाओं को हेल्थ एवं हाइजीन किट प्रदान की। उन्होंने कहा कि महिला समूहों को आर्थिक गतिविधियों से जोड़कर उनकी आजीविका को मजबूत बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
नौ साल बाद सड़कों पर दौड़ेंगी सिटी बसें
श्रीनगरवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए मुख्यमंत्री ने नगर में लगभग नौ साल बाद सिटी बस सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने पार्षदों से भरी सिटी बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस सेवा के शुरू होने से शहर में आवागमन की सुविधा बेहतर होने और स्थानीय नागरिकों को राहत मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने शहर में स्थापित ईवी चार्जिंग स्टेशन का भी लोकार्पण किया। इससे इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को प्रोत्साहन मिलने के साथ पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।
पार्कों से लेकर कूड़ा निस्तारण तक के कार्य शामिल
नगर निगम श्रीनगर क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं निस्तारण सुविधा, स्वर्गीय रणजीत सिंह भंडारी वाटिका (रेन वाटर हार्वेस्टिंग पार्क), सड़क एवं नाली निर्माण, लक्ष्मीनारायण पार्क, पार्कों के सौंदर्यीकरण और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 करोड़ रुपये से अधिक की ये योजनाएं श्रीनगर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, जनसुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और स्थानीय विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
चारधाम यात्रा और रेल परियोजना से बढ़ेंगी संभावनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड को विकास, सुशासन और समृद्धि के रास्ते पर आगे बढ़ाने के लिए निरंतर काम कर रही है। पौड़ी जिले में भी करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं पर काम चल रहा है। चारधाम यात्रा में बढ़ोतरी का लाभ स्थानीय लोगों को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उत्तराखण्ड के बुनियादी ढांचे को मजबूत कर रही हैं। चारों धामों को ऑल वेदर रोड से जोड़ा गया है, जिसका प्रमुख केंद्र श्रीनगर भी है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस रेल मार्ग पर श्रीनगर में भी स्टेशन प्रस्तावित है, जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
सरदार पटेल के योगदान को किया याद
मुख्यमंत्री ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने 560 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की नींव रखी थी। उनका संकल्प ऐसा सशक्त राष्ट्र बनाने का था, जहां राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संप्रभुता सर्वोपरि हो तथा राष्ट्रहित प्रत्येक नागरिक का परम कर्तव्य बने।
बच्चों से मिलने प्रोटोकॉल छोड़ वाहन से उतरे धामी
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान बच्चों के साथ उनका आत्मीय संवाद भी चर्चा का विषय रहा। कॉलेज गेट के समीप विद्यार्थियों को देखकर मुख्यमंत्री प्रोटोकॉल से हटकर अपने वाहन से नीचे उतर आए और बच्चों के बीच पहुंचकर उनसे बातचीत की। उन्होंने विद्यार्थियों का हालचाल जाना और उनका उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे भी खासे उत्साहित नजर आए।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, विधायक भरत चौधरी, महापौर आरती भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, उपजिलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
