विजयदशमी पर देहरादून में 40 स्थानों पर निकला पथ संचलन, 3200 स्वयंसेवक हुए शामिल
देहरादून, 20 अक्टूबर। विजयदशमी के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) महानगर दक्षिण, देहरादून की ओर से महानगर के 40 स्थानों पर पथ संचलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में करीब 3200 स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में भाग लिया। सभी स्थानों पर पथ संचलन के साथ शस्त्र पूजन भी किया गया।
महानगर कार्यवाह सतेन्द्र ने बताया कि विजयदशमी उत्सव संघ की परंपरा में विशेष महत्व रखता है। भारतीय संस्कृति में यह पर्व शक्ति, शौर्य, धर्म और विजय का प्रतीक माना जाता है। इस अवसर पर शस्त्र पूजन के माध्यम से राष्ट्र, धर्म और समाज की रक्षा के प्रति कर्तव्यबोध का संदेश दिया गया।
महानगर दक्षिण के विभिन्न क्षेत्रों में निकाले गए पथ संचलन में स्वयंसेवक अनुशासित ढंग से कदमताल करते हुए आगे बढ़े। कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। पथ संचलन में स्वयंसेवकों का अनुशासन और सामूहिक सहभागिता संगठन की एकजुटता का परिचायक रही।
संघ का उद्देश्य समाज को संगठित कर सेवा, संस्कार, अनुशासन और समर्पण के भाव को मजबूत करना है। विजयदशमी के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्वयंसेवकों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने तथा सामाजिक सद्भाव के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
