ऊधम सिंह नगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को ऊधम सिंह नगर जिले में अपने निजी आवास नगला तराई और लोहियाहेड हेलीपैड पर जनता एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों और समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसका उद्देश्य लोगों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से बचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका नियमानुसार समाधान किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मूल मंत्र के साथ काम कर रही है। प्रशासन की जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ ही लोगों को उनकी समस्याओं का संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र की विकास आवश्यकताओं पर भी चर्चा की। उन्होंने जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप नागरिक सुविधाओं को मजबूत बनाने और विकास कार्यों को गति देने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दायित्वधारी रंजीत सिंह नामधारी, संतोष गौरव, फरजाना बेगम, सुरेश कोली, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, रनदीप पोखरिया, अमित पांडे, सतीश भट्ट और भवानी भंडारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अधिकारियों में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एएसपी अजय गणपति और एडीएम कौस्तुभ मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
