देहरादून। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह के राज्यपाल के रूप में पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर एसजीआरआर इंटर कॉलेज सहसपुर के सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य एवं राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान के निदेशक डॉ. रवीन्द्र कुमार सैनी ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
डॉ. सैनी ने कहा कि पांच वर्ष के कार्यकाल में राज्यपाल ने शिक्षा, युवाओं के चरित्र निर्माण, सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों के सम्मान, संस्कृति, राष्ट्रभावना और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों को प्रमुखता दी। उन्होंने कहा कि राज्यपाल का सहज, सरल और संवेदनशील व्यवहार लोगों के बीच उनकी अलग पहचान बनाता है।
लगभग 10 बार किया सम्मानित
डॉ. सैनी ने कहा कि राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने विभिन्न अवसरों पर उन्हें लगभग 10 बार सम्मानित किया। उन्होंने इसे अपने लिए गौरव और प्रेरणा का विषय बताते हुए कहा कि संवैधानिक पद की गरिमा के साथ शिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के प्रति राज्यपाल का आत्मीय व्यवहार उनके व्यक्तित्व की विशेषता है।
‘वातायन’ का राजभवन में हुआ लोकार्पण
डॉ. सैनी ने राज्यपाल के जीवन एवं व्यक्तित्व पर आधारित अपनी अंग्रेजी काव्यात्मक जीवनी ‘वातायन’ का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि 22 अगस्त को राजभवन में आयोजित गरिमामय समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने पुस्तक का लोकार्पण किया था। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोग मौजूद रहे।
डॉ. सैनी ने कहा कि राज्यपाल का पांच वर्ष का कार्यकाल कर्तव्यनिष्ठा, राष्ट्रसेवा, संवेदनशीलता और प्रेरणादायी नेतृत्व का उल्लेखनीय अध्याय है। उन्होंने राज्यपाल के उज्ज्वल भविष्य तथा निरंतर राष्ट्रसेवा के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
