Share this Post

आयुर्वेद की छात्रा बनीं डीएसपी, गुरुकुल परिसर में जश्न का माहौल

हरिद्वार। उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के गुरुकुल परिसर की पूर्व छात्रा डॉ. ऐश्वर्या भट्ट ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) की परीक्षा में सफलता प्राप्त कर सीधे पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पद पर चयनित होकर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से गुरुकुल परिसर में हर्ष और उत्साह का माहौल है।

डॉ. ऐश्वर्या भट्ट की सफलता पर उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के गुरुकुल परिसर, हरिद्वार में सम्मान एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में परिसर निदेशक प्रो. गिर्राज प्रसाद गर्ग ने डॉ. भट्ट का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और उनकी उपलब्धि को विश्वविद्यालय तथा आयुर्वेद जगत के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।

प्रो. गर्ग ने कहा कि डॉ. ऐश्वर्या भट्ट ने यह सिद्ध कर दिया है कि आयुर्वेद शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सफलता देवभूमि उत्तराखंड की युवा पीढ़ी, विशेषकर छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि डॉ. भट्ट पुलिस सेवा में रहते हुए समाज और प्रदेश की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।

इस अवसर पर डॉ. दीपशिखा, डॉ. विपिन पांडे तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी राहुल तिवारी ने भी डॉ. ऐश्वर्या भट्ट को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वक्ताओं ने कहा कि कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त की जा सकती है तथा डॉ. भट्ट इसका उत्कृष्ट उदाहरण हैं।

समारोह में डॉ. ऐश्वर्या भट्ट के बैचमेट्स और जूनियर विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। डॉ. नैंसी सिंह, डॉ. जतिन तिवारी और डॉ. अंजलि सहित अन्य विद्यार्थियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अपनी प्रिय सहपाठी को शुभकामनाएं दीं और उनकी उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया।

अपने संबोधन में डॉ. ऐश्वर्या भट्ट ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और गुरुकुल परिसर से मिले मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में प्राप्त शिक्षा, अनुशासन और शिक्षकों के सहयोग ने उन्हें अपने लक्ष्य तक पहुंचने की प्रेरणा दी। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर परिश्रम, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास बनाए रखने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित शिक्षकों, अधिकारियों और विद्यार्थियों ने डॉ. ऐश्वर्या भट्ट की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे विश्वविद्यालय के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। समारोह का समापन सभी के उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की शुभकामनाओं के साथ हुआ।

By admin

You missed