चमोली -चारधाम यात्रा-2026: सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण यात्रा हेतु चमोली पुलिस की तैयारियां अंतिम चरण में
आगामी चारधाम यात्रा-2026 के सफल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण संचालन के दृष्टिगत चमोली पुलिस द्वारा की जा रही व्यापक तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु लगातार रणनीतिक स्तर पर कार्य किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज दिनांक 19 अप्रैल 2026 को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली चमोली राकेश भट्ट की अध्यक्षता में कोतवाली परिसर में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में व्यापार मंडल, टैक्सी यूनियन के पदाधिकारी एवं क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों ने प्रतिभाग कर यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव एवं विचार साझा किए।
बैठक के दौरान प्रभारी निरीक्षक द्वारा उपस्थित सभी से अपील की गई कि वे चारधाम यात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें तथा यात्रियों के साथ सौहार्दपूर्ण एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की ओवरचार्जिंग, अव्यवस्थित पार्किंग एवं अनियमितताओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गोष्ठी में मुख्य रूप से इन बातों पर चर्चा की गई कि यात्रियों से केवल निर्धारित किराया ही लिया जाए और किसी भी प्रकार की ओवरचार्जिंग न की जाए, टैक्सी एवं अन्य वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा किया जाए, होटल एवं व्यापार प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, पारदर्शिता एवं उचित दरों का पालन सुनिश्चित किया जाए, यात्रा मार्गों पर यातायात नियमों का कड़ाई से पालन किया जाए, व्यापारी सड़कों पर अनावश्यक अतिक्रमण न करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए।
प्रभारी निरीक्षक द्वारा यह भी अवगत कराया गया कि चमोली पुलिस द्वारा यात्रा के दौरान सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन एवं आपातकालीन सेवाओं को लेकर विशेष प्रबंध किए हैं, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा अनुभव हो और स्थानीय लोगों को भी किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पडें।
