Share this Post

देहरादून में सजेगा ‘दिव्य कला मेला’, 22 फरवरी से 1 मार्च तक दिव्यांग प्रतिभाओं का महाकुंभ

भारती आनंद

देहरादून। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग (DEPwD) द्वारा देहरादून में 22 फरवरी 2026 से 1 मार्च 2026 तक नौ दिवसीय ‘दिव्य कला मेला’ का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन की नोडल एजेंसी राष्ट्रीय दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम (NDFDC) है। मेला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक आम जनता के लिए खुला रहेगा।

यह मेला देशभर के दिव्यांग उद्यमियों, कारीगरों और कलाकारों को एक साझा मंच प्रदान करेगा, जहां वे अपने हुनर और उत्पादों को प्रदर्शित कर सकेंगे। देहरादून में आयोजित इस मेले में लगभग 16 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से करीब 100 दिव्यांग कलाकार और उद्यमी भाग लेंगे।

विविध उत्पादों की रहेगी भरमार

मेले में हस्तशिल्प, हथकरघा उत्पाद, कढ़ाई कार्य, घरेलू सजावट सामग्री, वस्त्र, स्टेशनरी, पर्यावरण अनुकूल उत्पाद, पैकेज्ड व ऑर्गेनिक खाद्य सामग्री, खिलौने, उपहार सामग्री, आभूषण, क्लच बैग और अन्य लाइफस्टाइल उत्पाद उपलब्ध रहेंगे। आगंतुकों को एक ही स्थान पर विविध और आकर्षक उत्पादों का अनुभव मिलेगा।

29 मेलों में 23 करोड़ से अधिक का कारोबार

पिछले तीन वर्षों में देशभर में आयोजित 29 ‘दिव्य कला मेलों’ ने स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और दिव्यांग कारीगरों के लिए नए बाजार अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इन मेलों के माध्यम से अब तक 23 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार दर्ज किया जा चुका है।

संवेदनशीलता और सहभागिता का मंच

दिव्य कला मेला केवल व्यापारिक मंच ही नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता का भी माध्यम है। मेले में ‘एक्सपीरियंस जोन’, दिव्यांग खेल गतिविधियां और कला प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी, जिनके माध्यम से दिव्यांगजनों की क्षमताओं, कौशल और आत्मनिर्भरता को प्रत्यक्ष रूप से देखा और समझा जा सकेगा।

26 फरवरी को रोजगार मेला

दिव्यांगजनों के लिए 26 फरवरी 2026 को विशेष रोजगार मेले का आयोजन भी किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न प्रतिष्ठित संगठनों और कंपनियों द्वारा रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे प्रतिभाशाली युवाओं को बेहतर करियर विकल्प मिल सकें।

1 मार्च को ‘दिव्य कला शक्ति’ कार्यक्रम

1 मार्च 2026 को ‘दिव्य कला शक्ति’ नामक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा, जिसमें देशभर के दिव्यांग कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके अतिरिक्त प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा और देश के विभिन्न क्षेत्रों के व्यंजनों का स्वाद भी आगंतुक ले सकेंगे।

22 फरवरी को होगा उद्घाटन

मेले का उद्घाटन 22 फरवरी 2026 को सायं 12 बजे माननीय राज्यपाल उत्तराखंड एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री, भारत सरकार द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर अन्य गणमान्य अतिथियों की भी उपस्थिति रहेगी।

विभाग का उद्देश्य ‘दिव्य कला मेला’ की अवधारणा को देशभर में व्यापक स्तर पर प्रसारित करना और दिव्यांगजनों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाना है। देहरादून में आयोजित यह आयोजन न केवल प्रतिभा का उत्सव होगा, बल्कि समावेशी समाज की दिशा में एक सार्थक पहल भी साबित होगा।

By admin

You missed