गणतंत्र दिवस पर विद्यालयों में दिलाई गई स्वच्छता की शपथ
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने महा स्वच्छता अभियान में सहयोग की अपील की
मुख्यमंत्री के निर्देशन में हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और मॉडल जनपद बनाने का लक्ष्य
डॉ मनोज कुमार
हरिद्वार, 26 जनवरी 2026। तीर्थ नगरी हरिद्वार को साफ, स्वच्छ एवं सुंदर जनपद के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के कुशल नेतृत्व में जनपदभर में महा स्वच्छता अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। यह अभियान पिछले 2 माह 9 दिन से शहरों से लेकर गांवों और कस्बों तक प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है, जिसका सकारात्मक प्रभाव अब धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है।
जनपद में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिले के सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में ध्वजारोहण के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के दौरान छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं उपस्थित जनसमूह को अपने आसपास के क्षेत्र एवं पूरे जनपद को स्वच्छ रखने की स्वच्छता शपथ दिलाई गई। साथ ही विभिन्न स्थानों पर सफाई अभियान भी चलाया गया।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर आईटीसी मिशन सुनहरा कल संस्था द्वारा जनपद के कई विद्यालयों में स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा छात्र-छात्राओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए शपथ दिलाई गई।
राजकीय प्राथमिक विद्यालय रावली मेहदूद प्रथम में आयोजित कार्यक्रम में ग्राम प्रधान प्रमोद पाल ने छात्र-छात्राओं को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर विद्यालय में कार्यरत भोजन माताओं को उत्कृष्ट सेवाएं देने एवं बच्चों को स्नेहपूर्वक भोजन कराने के लिए सम्मानित भी किया गया।
इसी क्रम में गणतंत्र दिवस के अवसर पर नमो स्वच्छता समिति, दादूपुर गोविंदपुर द्वारा भी स्वच्छता अभियान चलाकर जनसहभागिता का संदेश दिया गया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपदवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का सपना है कि हरिद्वार स्वच्छ, सुंदर, क्लीन एवं मॉडल जनपद बने। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि जनपद में 31 जनवरी तक चलाए जा रहे महा स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करें, ताकि तीर्थ नगरी हरिद्वार को स्वच्छता के क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाई जा सके।
