Share this Post

गांव दूधला दयालवाला में धूमधाम से मनाई गई गोपाष्टमी — देसी गायों के पूजन के साथ गूंजे “गौ माता जयकारे”

हरिद्वार, संवाददाता।भारतीय किसान संघ उत्तराखंड, हरिद्वार जनपद के तत्वावधान में मंगलवार को गांव दूधला दयालवाला, बहाती सैनी, गढ़वाली, बंजारा और सरदारवाला बस्तियों में पारंपरिक श्रद्धा और भक्ति के साथ गोपाष्टमी उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर देसी गायों का विशेष पूजन-वंदन किया गया और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर गौमाता के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय किसान संघ उत्तराखंड के प्रदेश मंत्री मास्टर चेतराम नायक, प्रदेश विपणन प्रमुख, विकासखंड बहादराबाद के खंड अध्यक्ष सरदार श्रृवण सिंह, खंड मंत्री जगदीश सिंह डीलर, खंड गन्ना प्रमुख रघुवीर सिंह बहाती एवं संगठन मंत्री उत्तराखंड सुकर्म पाल राणा ने संयुक्त रूप से किया। सभी ने विधि-विधान से गौमाता को तिलक लगाया, रोटी-गुड़ और आटे की लोई खिलाई, पुष्प अर्पित किए और गौमाता के खुरों पर जल चढ़ाकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

देसी गाय आधारित जैविक खेती के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रदेश मंत्री मास्टर चेतराम नायक ने कहा कि जैविक खेती से शुद्ध अनाज, चारा, सब्जी और फल प्राप्त होते हैं। इससे खेती की लागत घटती है, उत्पादन बढ़ता है और किसान की आय में वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि गाय केवल पूजा की वस्तु नहीं, बल्कि ग्राम्य अर्थव्यवस्था की रीढ़ है।

इस अवसर पर संगठन मंत्री उत्तराखंड सुकर्म पाल राणा ने कहा कि जैविक खेती से शरीर निरोगी रहता है, समाज नशा-मुक्त होता है और भूमि जहर-मुक्त बनती है। उन्होंने कहा — “जब किसान जागेगा, तो राष्ट्र आगे बढ़ेगा।
उन्होंने सभी प्रवासी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की ग्राम समितियों में भी गोपाष्टमी उत्सव मनाएं और इसकी तस्वीरें अपने प्रांत के पदाधिकारियों को व्हाट्सऐप के माध्यम से भेजें।

कार्यक्रम में डॉ. पप्पू, कमल सिंह, बलजीत सिंह, श्रीमती यशोदा देवी, श्रीमती शांति देवी, कुमारी शीतल, धर्मपाल सिंह, कुलवंत सिंह, विनोद कुमार सैनी, शेर सिंह, भागमाल, भीम सिंह, प्रकाश, वेद प्रकाश, उपेंद्र फौजी, मगन सिंह, ओमपाल सिंह, चौधरी सतबीर सिंह, राजकुमार प्रधान, संजीव कुमार, श्रीमती मिथिलेश देवी सहित बड़ी संख्या में भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सभी ने मिलकर संकल्प लिया कि देसी गायों की रक्षा, सेवा और संवर्धन के लिए घर-घर जागरूकता फैलाई जाएगी। अंत में उपस्थित लोगों ने “गौ माता की जय” के नारों के साथ कार्यक्रम का समापन किया और एक-दूसरे को गोपाष्टमी उत्सव की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।

—  संवाददाता, हरिद्वार

By admin