Share this Post

सरकार आपके द्वार: मालसी में रात्रि ग्राम चौपाल, ग्रामीणों ने बताई समस्याएं

गैरसैंण (चमोली), संवाददाता।“सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को विकासखंड गैरसैंण के मालसी ग्राम सभा में रात्रि ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में विधायक श्री सुरेश गड़िया, जिलाधिकारी चमोली श्री संदीप तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी श्री अभिषेक त्रिपाठी, ग्राम प्रधान श्रीमती गीता नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

ग्रामवासियों ने चौपाल के दौरान पेयजल संकट, विद्यालय भवन के जर्जर हालात, खेल मैदान की कमी और संपर्क मार्गों की दिक्कतें प्रमुखता से अधिकारियों के समक्ष रखीं।

विधायक बोले – गांवों का विकास ही सरकार की प्राथमिकता

विधायक श्री सुरेश गड़िया ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का लक्ष्य गांवों का समग्र विकास है। गांवों की प्रगति से ही प्रदेश और देश का भविष्य मजबूत हो सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार डीबीटी प्रणाली के माध्यम से योजनाओं की धनराशि सीधे लाभार्थियों तक पहुंचा रही है, जिससे पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित हो रही है।
उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे पहाड़ की चुनौतियों को समझते हुए सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चलें और विकास की प्रक्रिया में सहभागी बनें।

जिलाधिकारी ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश

जिलाधिकारी चमोली श्री संदीप तिवारी ने कहा कि ग्रामीणों द्वारा उठाए गए मुद्दों का शीघ्र समाधान किया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि राजकीय इंटर कॉलेज के नए भवन का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर होगा।
उन्होंने कहा कि संपर्क मार्गों पर कार्य मनरेगा, जिला पंचायत योजना एवं जिला योजना के तहत कराए जाएंगे। पेयजल समस्या को लेकर अधिकारी स्थलीय निरीक्षण करेंगे। जिन उपभोक्ताओं को बिना जल आपूर्ति के बिल मिले हैं, वे बिल निरस्त किए जाएंगे।

विद्यालय भवन और खेल मैदान पर भी जोर

जिलाधिकारी ने कहा कि जर्जर विद्यालय भवन का नवीनीकरण जल्द किया जाएगा। साथ ही खेल मैदान की व्यवस्था भी प्राथमिकता में रखी जाएगी, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकें।

ग्राम प्रधान श्रीमती गीता नेगी ने ग्रामीणों की ओर से समस्याएं रखीं और आशा जताई कि चौपाल में उठे मुद्दों का जल्द समाधान मिलेगा।

By admin