Share this Post

देहरादून । भारत निर्वाचन आयोग के निर्वाचन आयुक्त डॉ. सुखवीर सिंह संधु ने मंगलवार को देहरादून में राज्य की निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि युवा मतदाताओं को वोटर लिस्ट में जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। साथ ही प्रदेश में निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी अधिकारियों और कार्मिकों के लिए प्रशिक्षण प्रणाली को और अधिक सशक्त किया जाए।

गढ़वाल व कुमाऊं में बनेंगे विशेष प्रशिक्षण केंद्र

निर्वाचन आयुक्त डॉ. संधु ने निर्देश दिए कि प्रदेश के गढ़वाल और कुमाऊं मंडलों में एक-एक प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जाएं। इन केंद्रों पर समय-समय पर मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण आयोजित किया जाए ताकि राज्य एवं जिला स्तर पर निर्वाचन से जुड़े सभी कार्मिकों को उचित प्रशिक्षण दिया जा सके।

उन्होंने यह भी कहा कि बूथ लेवल एजेंट्स (बीएलए) की तैनाती के लिए राजनीतिक दलों से समन्वय बनाते हुए इस प्रक्रिया को गति दी जाए।

अगस्त-सितंबर में होंगे राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम

बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने राज्य में निर्वाचन संबंधी गतिविधियों की प्रगति से निर्वाचन आयुक्त को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रदेश में नए बीएलओ की नियुक्ति प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा डीईओ, ईआरओ, बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ और बीएलए के लिए अगस्त व सितंबर में व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।

डॉ. पुरुषोत्तम ने यह भी बताया कि राजनीतिक दलों द्वारा बीएलए की नियुक्ति की प्रक्रिया तेजी से चल रही है और इसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा।

1000 नए पोलिंग बूथ होंगे स्थापित

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के नवीन दिशा-निर्देशों के तहत प्रदेश में 2 किलोमीटर से अधिक पैदल दूरी वाले इलाकों एवं 1200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदान केंद्रों के लिए नए पोलिंग बूथ स्थापित किए जा रहे हैं। इस योजना के तहत राज्य में लगभग 1 हजार नए पोलिंग बूथ बनाए जा रहे हैं। इसके लिए विशेष सघन पुनरीक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा भी तैयार कर ली गई है।

वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, जिला निर्वाचन अधिकारी देहरादून डॉ. सविन बंसल, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री किशन सिंह नेगी और उप जिलाधिकारी डॉ. अपूर्वा सिंह भी मौजूद रहे।

By admin