Share this Post

आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर लोकतंत्र सेनानियों को किया गया सम्मानित: कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने दी लोकतांत्रिक मूल्यों को पुनः संकल्पित करने की प्रेरणा

देहरादून, 25 जून। आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर आयोजित संविधान हत्या दिवस कार्यक्रम के अंतर्गत उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले राजपुर एवं गढ़ी कैंट क्षेत्र के दो लोकतंत्र सेनानियों एवं उनके परिजनों को सम्मानित किया। यह आयोजन भारतीय लोकतंत्र के काले अध्याय को स्मरण करते हुए संविधान की रक्षा के लिए संघर्षरत रहे वीरों को नमन करने हेतु किया गया।

मंत्री गणेश जोशी ने राजपुर निवासी स्वर्गीय महेश अग्रवाल की धर्मपत्नी सुमित्रा देवी अग्रवाल तथा गढ़ी कैंट निवासी लोकतंत्र सेनानी ताराचंद गुप्ता को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा,

“यह मेरा सौभाग्य है कि मुझे अपने विधानसभा क्षेत्र में निवास करने वाले उन दो महानुभावों को सम्मानित करने का अवसर मिला, जिन्होंने देश की लोकतांत्रिक आत्मा की रक्षा के लिए आपातकाल जैसे कठिन समय में संघर्ष किया।”

उन्होंने जानकारी दी कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा 11 जुलाई 2024 को जारी अधिसूचना के अनुसार, 25 जून को ‘संविधान हत्या दिवस’ के रूप में घोषित किया गया है। 25 जून 2025 को देश में आपातकाल लागू होने की पचासवीं वर्षगांठ है। इस दिन को केवल स्मरण का अवसर नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक नैतिकता के प्रति नवीन संकल्प लेने का दिवस भी बताया गया।

मंत्री जोशी ने कहा,

“25 जून 1975 से प्रारंभ हुआ आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय था। इस दौरान नागरिक स्वतंत्रताओं का दमन हुआ, मौलिक अधिकारों का हनन हुआ और कार्यपालिका का केंद्रीकरण हुआ। यह समय व्यापक उत्पीड़न और संवैधानिक संस्थाओं के क्षरण का साक्षी रहा।”

उन्होंने इस अवसर पर लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष को याद करते हुए देश के युवाओं से संविधान एवं लोकतंत्र की रक्षा हेतु सदैव सतर्क रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य

इस गरिमामय अवसर पर भाजपा मंडल महामंत्री अल्का कुल्हान, मोहित अग्रवाल, देवेंद्र रावत, अजीत सिंह, विष्णु प्रसाद गुप्ता, बसंत उपाध्याय, गजेन्द्र गोस्वामी, नवीन सहित कई स्थानीय कार्यकर्ता एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

By admin

You missed