चमोली-राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर थाना नन्दानगर पुलिस ने बालिकाओं को सशक्त बनाने के लिए जीजीआईसी नन्दानगर में चलाया जागरूकता सेशन
आज दिनांक 24.01.25 को राजकीय बालिका इन्टरमीडिएट कॉलेज नन्दानगर में राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में थाना नन्दानगर पुलिस द्वारा छात्राओं को विभिन्न सामाजिक और कानूनी मुद्दों पर शिक्षित और सशक्त बनाने के लिए एक जागरूकता सेशन चलाया गया, जो कि पुलिस अधीक्षक श्री सर्वेश पंवार महोदय के निर्देशन में चलाए जा रहे व्यापक जागरूकता अभियान का हिस्सा थी।
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को कई महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी। छात्राओं को मादक पदार्थों के सेवन के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया गया। उन्हें नशे की लत के खतरों और इसके व्यक्तिगत, पारिवारिक, और सामाजिक परिणामों से अवगत कराते हुए अपने परिजनों व आस-पास को लोगों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने हेतु प्रोत्साहित किया। साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे के बारे में छात्राओं को आगाह करते हुए उन्हें ऑनलाइन सुरक्षा के उपायों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया।
मानव तस्करी जैसी गंभीर अपराध के बारे में भी जानकारी देते हुए छात्राओं को बताया गया कि कैसे बालिकाओं और महिलाओं को धोखे से या जबरदस्ती तस्करी में धकेला जाता है और इससे कैसे बचा जा सकता है। पुलिस अधिकारियों ने भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराई पर भी प्रकाश डालते हुए छात्राओं को इसके गंभीर परिणामों से अवगत कराया और बालिका शिक्षा के महत्व को समझाया।
कार्यक्रम में, महिलाओं से संबंधित अपराधों पर भी विस्तार से चर्चा करते हुए, छात्राओं को घरेलू हिंसा, कार्यस्थल पर उत्पीड़न और अन्य प्रकार के अपराधों के बारे में बताया गया, साथ ही उन्हें अपने अधिकारों और कानूनी प्रावधानों के बारे में भी जानकारी दी गई। छात्राओं को बताया गया की यदि उनके साथ कोई भी अपराध घटित होता है तो वे निसंकोच तुरंत पुलिस से संपर्क करें।
कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण पहलू बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन देना भी था। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को शिक्षा के महत्व को समझाया और उन्हें उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि शिक्षा ही महिलाओं को सशक्त बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का सबसे महत्वपूर्ण साधन है।