पुलिस का रात्रि प्रवास कार्यक्रम जारी: महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति, साइबर क्राइम और जीवन सफलता पर जोर

चमोली- पुलिस का रात्रि प्रवास कार्यक्रम जारी: महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति, साइबर क्राइम और जीवन सफलता पर जोर।
पुलिस अधीक्षक चमोली श्री सर्वेश पंवार महोदय के आदेश के अनुपालन में जनपद पुलिस द्वारा रात्रि प्रवास कार्यक्रम निरंतर रूप से संचालित किया जा रहा है। जिसका उद्देश्य स्थानीय लोगों के साथ जुड़ना और उन्हें सुरक्षा से संबंधित जागरूकता प्रदान करना है। इसी क्रम में, दिनांक 13/14 सितम्बर 2024 को थानाध्यक्ष पोखरी विनोद चौरसिया द्वारा ग्राम बंगथल में रात्रि प्रवास किया गया। जहां उन्होंने ग्रामीणों से संवाद किया और विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी साझा की।
उक्त कार्यक्रम में थानाध्यक्ष ने ग्रामीणों को महिला सुरक्षा, नशीली पदार्थों के दुष्परिणामों, साइबर अपराधों, प्राकृतिक आपदा और बच्चों को जीवन में सफल होने में मदद करने के सुझावों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों जैसे घरेलू हिंसा, मानसिक उत्पीडन, छेडछाड के मामलों व बाल विवाह की रोकथाम के महत्व पर जोर देते हुए महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों तथा पुलिस द्वारा प्रत्येक थाने में महिलाओं की सहायता एवं सुरक्षा के लिए स्थापित महिला हेल्प डेस्क व महिला हेल्पलाइन के कार्यों की जानकारी दी गयी।
मादक पदार्थों के खतरों और उनके दीर्घकालिक प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए, विशेषकर युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहने व एक स्वस्थ्य जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। साइबर क्राइम के बढ़ते प्रकोप के खतरे को देखते हुए थानाध्यक्ष ने ग्रामीणों को इस विषय के प्रति सजग रहने तथा ऑनलाइन ठगी और धोखाधड़ी से बचाव के उपाय बताए और लोगों को साइबर क्राइम से जुड़े मामलों में पुलिस को तुरंत सूचित करने के लिए प्रेरित किया।
आपदाओं के प्रति सतर्कता बरतने की आवश्यकता पर भी जोर देते हुए थानाध्यक्ष ने ग्रामीणों को आपदाओं की स्थिति में सावधानी बरतने और सुरक्षित रहने के तरीके बताए। उन्होंने आपदा प्रबंधन के लिए तैयार रहने और आपात स्थिति में आवश्यक कदम उठाने की आवश्यकता पर भी बल दिया। पर्यवारण संरक्षण के लिए बच्चों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित करते हुए वृक्षारोपण करने की शपथ दिलायी। साथ ही, छोटे बच्चों को जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करने हेतु टिप्स भी दिए गए। उन्हें बताया गया कि शिक्षा, आत्मविश्वास और कठोर परिश्रम किसी भी व्यक्ति के विकास के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं।
इस कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस ने न केवल स्थानीय लोगों के साथ विश्वास स्थापित किया, बल्कि उन्हें सुरक्षा, समाज की भलाई और व्यक्तिगत विकास के प्रति जागरूक किया। पुलिस अधीक्षक चमोली का यह रात्रि प्रवास कार्यक्रम एक सकारात्मक पहल है जो कि जन जागरूकता और सामुदायिक सहयोग को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। चमोली पुलिस इस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों की चिंताओं को संबोधित करने और लोगों को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस दौरान महिला मंगल दल अध्यक्ष श्रीमती नंदी देवी, ग्राम प्रधान श्री ललित मिश्रा, ग्राम प्रहरी कन्हैया प्रसाद भट्ट, वन पंचायत सरपंच श्री जगदम्बा प्रसाद भट्ट सहित गांव के अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं महिलाएं उपस्थित रही।